रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने आज यहां कहा कि प्रदेश सरकार ने गत वित्त वर्ष की बारह हजार करोड रुपये की योजना राशि में से 10, 274 करोड रुपये खर्च कर 12 प्रतिशत से अधिक की विकास दर प्राप्त की है, जो देश के अनेक राज्यों से बेहतर है.
मुंडा ने यहां 66 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद जनता को संबोधित करते हुए कहा कि वित्त वर्ष 2011-12 के लिए वार्षिक योजना राशि 12232 करोड रुपये रखे गये थे, जिसमें से उनकी सरकार ने कुल 84 प्रतिशत योजना राशि व्यय किया है.
उन्होंने कहा कि योजना राशि का सम्यक व्यय सुनिश्चित कर झारखंड ने पिछले वर्ष 12.08 प्रतिशत की विकास दर प्राप्त की, जो देश में अनेक अन्य राज्यों के विकास दर से बेहतर थी. उन्होंने कहा कि इतना ही नहीं कृषि उत्पादन में तो पिछले वित्त वर्ष में झारखंड अव्वल रहा. उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2011-12 में झारखंड के कृषि उत्पादन की वृद्धि दर दस प्रतिशत से भी अधिक रही, जो देश में सभी राज्यों में सर्वोत्तम थी.




