NEWS WING
Ramgarh, 09 September: घाटो ओपी में सलमा (बदला हुआ नाम) ने आवेदन देकर वहां के मदरसे के एक मौलवी मो. शाहिद पर यौन शोषण का आरोप लगाया है. नाबालिग का कहना है कि पिछले एक साल से मो. शाहिद उसके साथ यौन शोषण कर रहा है. अपने लिखित आवेदन में नाबालिग ने कहा है कि वो पढ़ाई के लिए मदरसा जाती थी. लेकिन, मौलवी उसे नशे की दवा खिला देता था. दवा खाने के बाद वो बेहोश हो जाती थी और फिर मौलवी उसका यौन शोषण करता था. जब इस बात की जानकारी नाबालिग को हुई तो उसने इसका विरोध किया. लेकिन, मौलवी ने उसे निकाह करने का प्रलोभन दिया और अपना मुंह बंद रखने को कहा.
मदरसे के सचिव रियासत खान ने भी धमकाया
नाबालिग छात्रा का आरोप है कि करीब एक साल तक मौलवी मो. शाहिद उसके साथ यौन शोषण करता रहा. वो छात्रा को गंदी फिल्म दिखाता था. फोन पर अश्लील बातें करता था. अगर वो इसका विरोध करती तो उसे धमकी देता. छात्रा ने यह भी आरोप लगाया है कि मदरसे के सचिव ने भी उनका साथ नहीं दिया. जब छात्रा ने पूरी बात अपने घरवालों को बतायी, तो घर वाले मदरसे के सचिव के पास पहुंचे. सचिव रियासत खान ने कहा कि मो. शाहिद को सजा मिल कर रहेगी. लेकिन उसने कुछ नहीं किया.
थाने ले जा कर भी बेवकूफ बनाया
एक बार मदरसे का सचिव रियासत खान छात्रा को लेकर थाने भी गया. छात्रा को थाने के बाहर छोड़ कर खुद अंदर चला गया. काफी देर के बाद वो बाहर निकला और कहने लगा कि पुलिस में मामला दर्ज हो गया है. जल्द ही पुलिस मो. शाहिद को गिरफ्तार कर लेगी. लेकिन कई महीनों तक कुछ नहीं हुआ. दरअसल, सचिव रियासत खान ने मामले को लेकर कोई आवेदन थाने में दिया ही नहीं. जिसका खुलासा बाद में हुआ.
सचिव ने कहा पैसे ले लो, निकाह कर लो
जब मो. शाहिद पर पुलिसिया कार्रवाई नहीं हुई, तो छात्रा के परिजन फिर से मदरसे के सचिव रियासत खान के पास गए. इस बार रियासत खान ने उन्हें पैसे लेकर निकाह कर लेने को कहा. जब छात्रा के घरवालों ने बात नहीं मानी तो कहा कि मदरसे की बैठक होने तक वो लोग शांत रहे. वरना कौम से बाहर कर दिए जाएंगे.
आखिर में जाना पड़ा पुलिस के पास
जब छात्रा और उसके घरवालों को लगने लगा कि कहीं से उन्हें न्याय नहीं मिलेगा तो आखिर में हार कर पुलिस के पास गए. घाटो थाने में लिखित आवेदन दिया. आवेदन में मो. शाहिद पर यौन शोषण का आरोप लगाया. साथ ही मदरसे के सचिव रियासत खान पर भी डराने- धमकाने का आरोप लगाया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.




