
New Delhi: अगस्ता वेस्टलैंड घोटाला मामले में मोदी सरकार को एक और बड़ी कामयाबी मिली है. क्रिश्चियन मिशेल के बाद राजीव सक्सेना और दीपक तलवार को दुबई से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया है. ईडी ने भ्रष्टाचार के मामलों में आरोपी राजीव सक्सेना और दीपक तलवार को हिरासत में लिया. ज्ञात हो कि 3600 करोड़ रुपये के वीवीआईपी हेलीकाप्टर मामले में दुबई के अधिकरियों ने राजीव शमशेर बहादुर सक्सेना को बुधवार की सुबह पकड़ा.
ईडी ने दुबई में रहने वाले सक्सेना को इस मामले में कई बार तलब किया था. और 2017 में चेन्नई हवाई अड्डे से उसकी पत्नी शिवानी सक्सेना को गिरफ्तार किया था. वह जमानत पर रिहा चल रही है. ईडी का आरोप है कि सक्सेना, उसकी पत्नी और दुबई स्थित उसकी दो फर्मों ने धन शोधन किया. अकाउंटेंट का भी काम करने वाले सक्सेना को दुबई के अधिकारियों द्वारा ईडी के आग्रह पर एक अदालत के गैरजमानती वारंट जारी करने के आधार पर भारत लाया गया. इस मामले में गिरफ्तार क्रिश्चयन मिशेल के बाद इस तरह की यह दूसरी कार्रवाई है. धन शोधन मामले में ईडी और सीबीआई द्वारा वांटेड कॉरपोरेट उड्डयन लॉबिइस्ट दीपक तलवार को भी दुबई से राजीव सक्सेना के साथ भारत लाया गया.
उल्लेखनीय है कि इस मामले में सह आरोपी और कथित बिचौलिये ब्रिटिश नागरिक क्रिश्चियन जेम्स मिशेल को पिछले साल दिसंबर में दुबई से प्रत्यर्पित करके भारत लाया गया था. वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में है.
इसे भी पढ़ेंः निरसा विधायक अरुप चटर्जी को घर में घुस कर दी बम से उड़ाने की धमकी, देखें वीडियो




