National

#Namaste_Trump : प्रेसिडेंट ट्रंप का भारत आना, एक बहुत बड़ा अवसर… भारत-अमेरिका संबंधों का नया अध्याय है : पीएम मोदी

Ahmedabad : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मेरे दोस्त ट्रंप ने नमस्ते ट्रंप से यात्रा शुरू की. आज मोटेरा स्टेडियम में नया इतिहास बन रहा है. प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में ट्रंप परिवार का स्वागत है. पीएम ने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में ट्रंप का स्वागत है.

अपने भाषण में हाउडी मोदी का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा, पांच माह पहले, मैंने हाउडी मोदी से अपनी अमेरिकी यात्रा शुरू की थी. आज, मेरे मित्र ट्रंप अहमदाबाद में नमस्ते ट्रंप से अपनी यात्रा शुरू कर रहे है. पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, इस कार्यक्रम का जो नाम है- नमस्ते, उसका मतलब भी बहुत गहरा है! ये दुनिया की प्राचीनतम भाषाओं में से एक, संस्कृत का शब्द है. इसका भाव है कि सिर्फ व्यक्ति को ही नहीं, उसके भीतर व्याप्त दिव्यता को भी नमन है.

इसे भी पढ़ें :  #Namaste_Trump : ट्रंप ने मोटेरा स्टेडियम में कहा, नरेंद्र मोदी चैंपियन हैं… काफी टफ हैं… लाखों की भीड़ देख गदगद हुए

प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप, आपका यहां होना सम्मान की बात

भारत और अमेरिका के संबंध और सहयोग की, 21 वीं सदी के विश्व की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका होगी. मेरा स्पष्ट मत है कि भारत और अमेरिका प्राकृतिक भागीदार हैं. पीएम ने कहा कि हम सिर्फ भारत-प्रशांत क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया की शांति, प्रगति और सुरक्षा में एक प्रभावी योगदान दे सकते हैं और इसलिए, मेरा मानना है कि प्रेसिडेंट ट्रंप का इस दशक की शुरुआत में ही भारत आना, एक बहुत बड़ा अवसर है.

मोदी ने कहा कि एक लैंड ऑफ द फ्री है, तो दूसरा पूरे विश्व को एक परिवार मानता है. एक को स्टैचू ऑफ लिबर्टी पर गर्व है तो दूसरे को, दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा- सरदार पटेल की स्टैचू ऑफ यूनिटी का गौरव है.

प्रधानमंत्री ने कहा, प्रेसिडेंट ट्रंप की यात्रा भारत और अमेरिका के संबंधों का नया अध्याय है. एक ऐसा अध्याय, जो अमेरिका और भारत के लोगों की प्रगति और समृद्धि का नया दस्तावेज बनेगा. पीएम ने कहा,  प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप, आपका यहां होना सम्मान की बात है. हेल्थी और हैप्पी अमेरिका के लिए आपने जो किया है, उसके अच्छे परिणाम मिल रहे हैं.

इसे भी पढ़ें : #TrumpInIndia : शाम पांच बजे ताज का दीदार करने पहुंचेंगे ट्रंप, मयूर नृत्य से होगा स्वागत

ट्रंप की पुत्री इवांका, दामाद जेरेड कुश्नर का स्वागत

उन्होंने कहा कि, समाज में बच्चों के लिए आप जो कर रही हैं, वो प्रशंसनीय है. आप कहती हैं- Be Best ! आपने अनुभव किया होगा कि आज के स्वागत समारोह में भी लोगों की यही भावना प्रकट हो रही है. मोदी ने समारोह में मौजूद ट्रंप की पुत्री इवांका, दामाद जेरेड कुश्नर का भी स्वागत किया. पीएम ने कहा कि आज भारत एक साथ सबसे ज्यादा सैटेलाइट भेजने का वर्ल्ड रिकॉर्ड ही नहीं बना रहा, आज भारत सबसे तेज Financial Inclusion करके भी वर्ल्ड रिकॉर्ड बना रहा है.

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘आज जो देश भारत का  सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है, वो है अमेरिका. आज भारत की सेनाएं जिस देश के साथ सबसे ज्यादा युद्ध अभ्यास कर रही हैं, वह है अमेरिका. आज जिस देश के साथ भारत की सबसे व्यापक रीसर्च एंड डवलपमेंट पार्टनरशिप है, वह है अमेरिका.

इसे भी पढ़ें : अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप साबरमती आश्रम पहुंचे, मोटेरा क्रिकेट स्टेडियम में ‘नमस्ते ट्रंप’ समारोह में लेंगे हिस्सा

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button