News Wing Dumka, 26 August : सरैयाहाट थाना क्षेत्र में एक महिला ने हृदय विदारक घटना को अंजाम दिया है. दरअसल, बूढ़ी झिलना गांव की एक महिला ने अपने ही दो बच्चों की हत्या कर दी और शव को तालाब में फेंक दिया. बच्चों को जान से मारने के बाद आरोपी मां फरार है. पुलिस ने दोनो मृत बच्चों के शव को तालाब से बरामद कर लिया है. पुलिस के अनुसार आरोपी महिला का नाम ललिता देवी. मृत बच्चों का नाम शिवम मंडल (2 वर्ष) और तृप्ति मंडल (4 वर्ष) है. आरोपी महिला का पति सिकंदर मंडल रांची में काम करता है.
क्या है मामला
आरोपी महिला ललिता किसी बात पर अपने बच्चों को पीट रही थी. ललिता की सास ने इसका विरोध किया. सास के विरोध करने पर ललिता गुस्से से आग बबूला हो गयी और घर में आग लगाकर सामानों को जला दिया. देर शाम दोनों बच्चों को लेकर ललिता अपने घर से निकल गयी. काफी देर तक घर नहीं लौटने पर घरवाले उन्हें आसपास खोजने निकल पड़े. खोजने के क्रम में दोनों बच्चों की लाश एक तालाब में तैरती मिली. इसकी सूचना पुलिस को दी गई. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में कर लिया और जांच शुरू कर दिया है. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला ललिता फरार है. पुलिस उसकी तलाश कर रही है.




