रांचीः मुख्य सचिव राजीव गौबा ने कहा कि मुम्बई में आयोजित 13 से 18 फरवरी तक डीआईपीपी की ओर से आयोजित होने वाले मेक इंन इंडिया वीक में झारखंड को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है जो एक बड़ी उपलब्धि है। इस आयोजन में आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात के अलावा झारखंड ही एक ऐसा प्रदेश है जिसे यह अवसर मिला है, जहां सरकार की निवेशकों के साथ सीधी बात होगी और झारखंड में निवेश की संभावनाओं के नये द्वार खुलेंगे। श्री गौबा आज फरवरी माह में मुम्बई में आयोजित होने वाले मेक इन इंडिया वीक की तैयारियों को लेकर अन्तर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक कर रहे थे।
बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि 17 फरवरी को सुबह दस बजे से दोपहर दो बजे तक का समय झारखंड को मिला है जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री रघुवर दास करेंगे। उन्होंने कहा कि मेक इंडिया वीक कार्यक्रम में झारखंड सरकार की ओर से ईज आॅफ डुईंग बिजनेस से संबंधित सभी विभागों के स्टाॅल और उपलब्धियों की प्रदर्शनी लगायी जायेगी, साथ ही कार्यक्रम में निवेशकों को आकर्षित करने के लिये विभिन्न विभागों द्वारा ईज आॅफ डुईंग बिजनेस के क्षेत्र में किये जा रहे प्रयासों से संबंधित वीडियो फिल्म दिखायी जायेगी साथ ही निवेशकों के साथ विभागीय सचिव सीधे बात करेंगे।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि 17 फरवरी के पूर्व सभी संबंधित विभाग विभिन्न स्तरों पर तैयारी कर लें ताकि कार्यक्रम को सफल बनाया जा सके। उन्होंने विभिन्न प्रकार की सेवाओं के लिये बेहतरीन एजेंसी क चयन का निर्देश दिया है। श्री गौबा ने कहा कि 17 फरवरी को झारखंड की ओर से निवेशकों को आकर्षित करने के लिये ईज आॅफ डुईंग बिजनेस के सभी बिन्दुओं पर कार्य करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि उपलब्धियों और फ्लैगशिप प्रोजेक्ट के साथ साथ हर बिन्दु पर होम वर्क निर्धारित समय पर पूर्ण कर लें।




