National

पीएम मोदी का विरोधियों पर हमलाः कुछ लोग पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं

Jaipur: राजस्थान के टोंक में पीएम मोदी ने चुनावी शंखनाद करते हुए अपने विरोधियों पर जमकर हमला बोला. शनिवार को प्रधानमंत्री वायुसेना के हेलीकॉप्टर से जयपुर के अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से टोंक पहुंचे. रैली से पहले उन्होंने पुलवामा हमले के शहीदों को श्रद्धांजलि दी. यहां विजय संकल्प रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर बड़ा हमला किया. उन्होंने कहा कि देश में कुछ लोग पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं.

कश्मीर के लिए लड़ाई कश्मीरियों से नहीं

इस दौरान पीएम मोदी ने पुलवामा हमले में शहीद हुए जवानों को नमन करते हुए कहा कि अगर आतंक की फैक्टरी इसी तरह चलती रही तो दुनिया में शांति संभव नहीं है. वहीं अलगाववादियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह नया भारत है. हमारी लड़ाई कश्मीर के लिये है, कश्मीरियों के खिलाफ नहीं है. हमारी लड़ाई आतंकवाद के खिलाफ है.

उन लोगों के खिलाफ है जो मानवतावाद के खिलाफ है. साथ ही याद दिलाया कि किस तरह से पिछले वर्ष अमरनाथ यात्रा में घायल हुए लोगों को रक्त देने के लिये कश्मीरी लोग लाइन बनाकर खड़े थे. सरकार की सख्ती का उल्लेख करते हुए कहा कि घाटी में पिछले दो साल में एक भी स्कूल को आग के हवाले नहीं किया गया, कश्मीरी भी आतंकवाद को खत्म करना चाहते हैं.

विरोधियों पर निशाना

इस दौरान अपने विरोधियों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग भारत में पाकिस्तानी भाषा का प्रयोग करते हैं. वहीं सरकार के कामकाज का जिक्र करते हुए कहा कि साढ़े सात लाख करोड़ रुपये किसानों के खाते में जमा होने वाले हैं और राजस्थान के ऐसे 50 लाख किसानों को फायदा होने वाला है. अब एक कामधेनु आयोग बनाया जा रहा है और इसके लिये 500 करोड़ रुपये की व्यवस्था बजट में की गई है. अब हमारी सरकार 2022 तक देश के हर गरीब को पक्का घर देने की ओर बढ़ रही है.

ज्ञात हो कि पिछले लोकसभा चुनाव में राजस्थान में 25 की 25 सीटें बीजेपी ने जीती थी. लेकिन पिछले साल के अंत में हुए राजस्थान विधानसभा चुनाव में इस इलाके में 8 विधानसभा सीट में से 7 पर बीजेपी को हार मिली थी.

इसे भी पढ़ेंः कर्नाटक : एयर इंडिया शो के पास भीषण आग, पार्किंग में लगी तीन सौ गाड़ियां स्वाहा

Related Articles

Back to top button