Uncategorized

संप्रग सरकार का रिकार्ड देखें आरोप लगाने वाले : मनमोहन

जबलपुर: मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का प्रचार करने जबलपुर पहुंचे प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने विरोधी दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि बीते नौ वर्षो में देश में हर क्षेत्र में विकास हुआ है, विकास न होने का आरोप लगाने वालों को संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के रिकार्ड को ठीक तरह से देखना चाहिए। प्रधानमंत्री ने रविवार को राइट टाउन स्टेडियम में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बीते नौ वर्षो में संप्रग सरकार के काल में हर क्षेत्र में विकास हुआ है और यह रिकार्ड आम जनता के सामने है। चुनाव में वोट डालने से पहले मतदाता को सरकार के रिकार्ड का अध्ययन करना चाहिए। कांग्रेस का मानना रहा है कि देश की आर्थिक प्रगति ऐसी होना चाहिए जिससे आम आदमी का जीवन खुशहाल बने।

विरोधी दलों द्वारा देश में विकास न होने के आरोपों का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि विकास न होने का आरोप लगाने वालों को हमारे नौ वर्षो के रिकार्ड को ठीक तरह से देखना चाहिए।

प्रधानमंत्री ने दावा किया कि बीते नौ वर्षो में कई अन्य देशों के मुकाबले भारत में कहीं अधिक तेजी से आर्थिक प्रगति हुई है। गरीबों की संख्या में तीन गुना कमी आई है। ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया करने के लिए राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य बीमा योजना शुरू की गई है। इससे तीन करोड़ चालीस लाख ग्रामीणों को लाभ मिलेगा। देश से पोलियो जैसी बीमारी खत्म हो गई है।

केंद्र सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि शिक्षा के स्तर में इजाफा हुआ है, देश के लगभग 11 करोड़ बच्चों को मध्यान्ह भोजन दिया जा रहा है। छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए नए संस्थान स्थापित किए जा रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा कि देश की आबादी का बड़ा हिस्सा गांव में रहता है और केंद्र सरकार ने इस आबादी के लिए महती योजनाएं शुरू की है। किसानों को उनकी पैदावार का सही मूल्य दिलाने के लिए अनाज के समर्थन मूल्य को दोगुना से ज्यादा कर दिया गया है। किसानों की मेहनत से अनाज भंडार भरे पड़े हैं।

प्रधानमंत्री ने ग्रामीण इलाके के लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए शुरू की गई महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना का जिक्र किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button