NEWSWING
Ranchi, 14 November : बाल दिवस के अवसर पर राज भवन में राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने कस्तूरबा गांधी बालिका उच्च विद्यालय के बच्चों द्वारा मनमोहक बैंड की प्रस्तुति की प्रशंसा की. जैप बैंड की टीम के बच्चों की प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया. झारखंड पुलिस ने सभी बच्चों को यहां लाया था. राजभवन परिसर में मंगलवार को कस्तूरबा गांधी विद्यालय ओरमांझी को प्रथम, अनगड़ा को द्वितीय और नामकुम को तीसरे पुरस्कार से नवाजा.
बच्चे हर दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रयासरत
झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि सरकारी गैर सरकारी सभी संस्थाएं आज बाल दिवस मना रहे हैं. मैं पिछले वर्ष से बाल दिवस का आयोजन राजभवन परिसर में कर रही हूं. इसके लिए डीजीपी डीके पांडेय को धन्यवाद देना चाहती हूं कि बच्चों को बैंड डिस्प्ले के लिए जैप के माध्यम से ट्रेनिंग दिया गया. हम सब जानते हैं कि बच्चों के अंदर बहुत सी छिपी हुई प्रतिभा है. बस उसे तराशने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि बच्चे हर दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रयासरत है. सरकार द्वारा बहुत सी सुविधाएं दी जा रही है. इसलिए मैं सरकार को धन्यवाद देना चाहती हूं. उन्होंने कहा कि जितने भी कस्तूरबा गांधी बालिका उच्च विद्यालय हैं उसमें अधिकांश मैंने घूम कर देखा है कि बच्चों में बहुत सारे हुनर है.
बाल दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम अविस्मरणीय : डीजीपी
मौके पर डीजीपी डीके पांडेय ने कहा कि महामहिम ने बच्चों को समय दिया और उनके हुनर को सराहा है. इससे बड़ा आयोजन हो नहीं सकता. राज्यपाल ने यह भी इच्छा जाहिर की है कि बाकी स्कूलों के बच्चों को भी बैंड का प्रशिक्षण दिया जाए.




