
NewDelhi : पूर्व केंद्रीय मंत्री, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम आज सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर इस बात को लेकर हमलावर हुए कि पाकिस्तान के बालाकोट में एयर स्ट्राइक करने वाली भारतीय वायुसेना को उसकी बहादुरी के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सबसे पहले सलाम किया. लेकिन पीएम मोदी भूल गये. चिदंबरम ने ट्वीट करते हुए पीएम मोदी पर निशाना साधा है. लिखा है, भारतीय वायुसेना को उसकी बहादुरी के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सबसे पहले सलाम किया. फिर पीएम मोदी कैसे भूल गये?’ बता दें कि चिदंबरम ने शुक्रवार को आरोप लगाया था कि प्रधानमंत्री मोदी एवं भाजपा के कई अन्य नेता पाकिस्तान में आतंकी ठिकाने पर वायुसेना द्वारा की गयी कार्रवाई का श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं.
चिदंबरम ने एक समारोह में यह भी कहा कि मोदी सरकार के बाहुबल वाले और सैन्यवादी रुख के कारण कश्मीर घाटी में संकट की स्थिति बनी हुई है. उनका कहना था कि वायुसेना का ताल्लुक भाजपा से नहीं, बल्कि देश से है. लेकिन प्रधानमंत्री और भाजपा के अन्य नेताओं ने वायुसेना की कार्रवाई का श्रेय लेने का प्रयास किया है. साथ ही पी चिदंबरम ने इस धारणा से इनकार किया कि पाकिस्तान को लेकर पूर्व की यूपीए सरकार का रुख नरम रहा है.
इसे भी पढ़ें – मसूद अजहर के भाई मौलाना अम्मार ने माना, भारतीय वायु सेना की एयर स्ट्राइक से बालाकोट के ठिकाने तबाह हुए
हम जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभा रहे हैं
पूछे जाने पर उन्होंने कहा, हम जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभा रहे हैं. हम चाहते हैं कि सरकार जो भी उचित समझती है वो कदम उठाये. कहा कि सिर्फ सत्ताधारी दल के नेता ऐसे बयान दे रहे हैं जो राजनीतिक हैं. पी चिदंबरम के अनुसार राजनाथ सिंह, अमित शाह और बीएस येदियुरप्पा ने राजनीतिक बयान दिये. इस पर मीडिया सवाल नहीं कर रहा है. क्या आगामी चुनाव में पुलवामा हमला और वायुसेना की कार्रवाई मुद्दा होगा? इस पर चिदंबरम ने कहा, मुझे नहीं पता कि यह चुनाव में बड़ा मुद्दा होगा या नहीं. लेकिन देश में और भी बड़े मुद्दे हैं. अर्थव्यवस्था की खराब स्थिति, नौकरियों का संकट, किसानों की दुर्दशा, वित्तीय घाटा तथा कई ऐसे मुद्दे हैं जो इस चुनाव में बड़े मुद्दे होंगे. भारत-पाक तनाव की पृष्ठभूमि में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को पाकिस्तान के साथ तनाव को कम करने और कश्मीरियों के बीच भरोसा पैदा करने की रणनीति पर काम करना चाहिए. यह पूछे जाने पर कि वह प्रधानमंत्री को फिलहाल क्या सलाह देंगे तो कांग्रेस नेता ने कहा, सरकार को पूरा हक है कि वह अपने पास उपलब्ध सूचना के आधार पर कार्रवाई करे. वायुसेना ने कार्रवाई की और पूरा देश एकजुट रहा.
इसे भी पढ़ें –कांग्रेस के नेता दिग्विजय सिंह को पाकिस्तान के बालाकोट में हुई सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत चाहिए




