News Wing
Kolkata, 21 October: पश्चिम बंगाल में गंगा नदी के मैदानी क्षेत्र में दबाव गहराने से मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गयी. दबाव का यह क्षेत्र आज सुबह शहर के निकट आ गया. मौसम विभाग ने कल और अधिक बारिश की संभावना जताई है.
दबाव रात में पूर्व-पूर्वोत्तर की तरफ चला गया
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पूर्वी झारखंड और इससे लगे हुए उत्तरी ओडिशा और पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी क्षेत्र में बना दबाव रात में पूर्व-पूर्वोत्तर की तरफ चला गया. अब इसका केंद्र पश्चिम बंगाल के गंगा का मैदानी क्षेत्र और आसपास का इलाका बन गया है. दबाव का केंद्र आज सुबह साढ़े पांच बजे कोलकाता से 60 किलोमीटर दूर उत्तर-पश्चिम में था. इस दबाव के उत्तर पूर्व की तरफ जाने और कल सुबह तक इसके कमजोर होने की संभावना है.
पूर्वोत्तर के राज्यों में भारी बारिश की आशंका
मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया कि इससे पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी वाले इलाके और पूर्वोत्तर के राज्यों-असम, मेघालय, अरूणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश की आशंका है. पश्चिम बंगाल के गंगा नदी के मैदानी इलाकों के ज्यादातर स्थानों पर कल से ही मध्यम और भारी बारिश हो रही है. भाई-दूज के दिन हो रही बारिश से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा है.
आसनसोल में क्रमश: 65 मिमी बारिश दर्ज हुई
मौसम विभाग के अनुसार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटों में 44.7 मिमी बारिश दर्ज की गई. बर्द्धमान और आसनसोल में क्रमश: 65 मिमी और 64 मिमी बारिश दर्ज हुई. इसी दौरान डायमंड हार्बर में 54.3 मिमी बारिश दर्ज की गई.




