Uncategorized

ओडीएफ की बात करने वाले रांची नगर निगम के शेल्टर में ही शौचालय नहीं (वीडियो देखें)

NEWSWING

Ranchi, 07 December : रांची नगर निगम ने आश्रय विहीनों के लिए शहर में दीनदयाल अंत्‍योदय योजना-राष्‍ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत कई क्षेत्रों में शेल्‍टर बनाये हैं. इन शेल्‍टरों में वैसे गरीब जरूरतमंद महिला-पुरूषों के ठहरने का इंतजाम है, जो रांची में ग्रामीण क्षेत्रों से दिहाड़ी मजदूरी के लिए आते हैं. यहां पर प्रशासन की ओर से कई सुविधायें मुहैया करायी गई हैं. लोगों के लिए यहां पर बिस्‍तर, कंबल आदि हर जरूरी सुविधा मुहैया कराया गया है.

न्‍यूज विंग ने रांची के डोरंडा स्थित शेल्‍टर का जायजा लिया. एजी मोड़ स्थित यह शेल्‍टर खास तौर पर महिलाओं के लिए तैयार किया गया है. इस शेल्‍टर की केयरटेकर रीता कच्‍छप हैं. रीता ने बताया कि शेल्‍टर में महिलायें सिर्फ दिन में ही कुछ देर के लिए रुक पाती हैं. सुदूर ग्रामीण क्षेत्र की मजदूर महिलायें यहां रात को भी ठहरना चाहती हैं, लेकिन शौचालय की कमी की वजह से वो रुक नहीं पाती.

आरओ मशीन तो दे दिया, पानी की टंकी नहीं लगायी

रीता कच्‍छप ने बताया कि शेल्‍टर में शौचालय से साथ पीने की पानी की भी समस्‍या है. यहां पर पानी के लिए आरओ फिल्‍टर मुहैया कराया गया है, लेकिन पानी की टंकी का ही इंतजाम नहीं है. आरओ की मशीन बक्से में पड़ी हुई है.

इस महिला शेल्‍टर में पास के डोरंडा कॉलेज की छात्रायें भी अक्‍सर आकर आराम करती हैं और पढ़ाई करती हैं. कॉलेज की एक छात्रा ने बताया कि यह हमारे लिए बहुत सुविधाजनक है, लेकिन वॉशरूम की कमी खलती है.

शहर में चल रहे एक दर्जन शेल्टर हाउस

रांची नगर निगम के सिटी मैनेजर ने बताया कि रांची शहर में एक दर्जन शेल्‍टर हाउस चल रहे हैं. डोरंडा के अलावे पहाड़ी मंदिर के पास दो शेल्‍टर खासतौर पर महिलाओं के लिए हैं. इसके अलावे धुर्वा बस स्‍टैंड, जगन्‍नाथपुर मंदिर, कर्बला चौक, सेवा सदन, बकरी बाजार, रिम्‍स, करमटोली चौक, मधुकम खादगढ़ा, आईटीआई बस स्‍टैंड, में शेल्‍टर चल रहे हैं.

शेल्‍टर हाउस में ठहरने वाले सार्वजनिक शौचालय का करें इस्‍तेमाल

शेल्‍टर में पानी और शौचालय के सवाल पर रांची नगर निगम की मेयर आशा लकड़ा ने बताया कि शौच की व्‍यवस्‍था नहीं है तो लोगों को सार्वजनिक शौचालय का इस्‍तेमाल करना चाहिए. मेयर ने बताया कि आने वाले समय में नगर निगम जरूरतमंद आवासविहीन लोगों के लिए शेल्‍टर हाउस को अपग्रेड करने का काम कर रहा है. कांटाटोली बस स्‍टैंड में 50-50 बिस्‍तर वाले महिला और पुरूषों के लिए शेल्‍टर निर्माण होंगे, जहां हर तरह की सुविधा मुहैया होगी.

न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button