JharkhandPalamu

पलामू : डबल मर्डर से सनसनी, साली को बचाने गए जीजा की चाकू मारकर हत्या

Palamu : पलामू प्रमंडल में पिछले 24 घंटे में दो-दो हत्याओं की घटना से सनसनी फैल गयी. जिले के हैदरनगर में साली पर जानलेवा हमला किया गया. यह देख साली को बचाने गए जीजा की चाकू मारकर हत्या कर दी गयी.

लातेहार के मनिका थाना के मटलौंग गांव में बीती रात एक युवती का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी गयी. जिसके बाद युवती की लाश गांव में पेड़ से लटका पाया गया. इस सिलसिले में परिजनों ने दो लोगों के खिलाफ अपहरण के बाद हत्या की प्राथमिकी दर्ज करायी है. दोनों घटनाओं में पुलिस की छानबीन तेज है, लेकिन किसी मामले में गिरफ्तारी की सूचना नहीं मिली है.

दिनदहाड़े किया चाकू से हमला

जानकारी के अनुसार गुरूवार की सुबह करीब 9.30 बजे हैदरनगर थाना के करीमडीह गांव में भोलू खान के घर पर मोकहर गांव के तनवीर अंसारी उर्फ राहुल ने हमला बोला. उसने परिवार के कई सदस्यों के सामने भोलू खान की 20 वर्षीया बेटी राबिया खातून पर चाकू से कई वार किए.

चाकू लगने के बाद राबिया घबरायी वहां से भागी. हमले की सूचना मिलते ही राबिया का जीजा 30 वर्षीय हाफिज एहसान आलम बीच बचाव करने लगा. हमलावर ने उसे भी चाकू मार दी. चाकू हाफिज के सीने में लगी और वह वहीं पर गिर पड़ा. बाद में आरोपी वहां से भाग निकला.

युवती की हालत गंभीर

परिवार के लोगों ने आनन-फानन में राबिया और हाफिज को इलाज के लिए हैदरनगर स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया.  लेकिन हाफिज को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि राबिया की गंभीर स्थिति को देखते हुए मेदिनीनगर सदर अस्पताल में रेफर कर दिया. राबिया की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है, उसके शरीर पर चाकू से तीन वार किये गये हैं.

हाल में ही हत्याकांड के आरोप में मुंबई जेल से छूटा था आरोपी

घटना की सूचना मिलते ही हुसैनाबाद के एसडीपीओ विजय कुमार और हैदरनगर थाना प्रभारी सुरेंद्र प्रसाद मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया. साथ ही घायल को मेदिनीनगर भिजवाया.

एसडीपीओ ने बताया कि हमलावर की पहचान तनवीर अंसारी उर्फ राहुल के रूप में हुई है. तनवीर ने घटना को क्यों अंजाम दिया? इसकी जांच तेज की गयी है. हत्या के एक मामले में तनवीर मुुंबई जेल से हाल में ही छूटा था. उसकी गिरफ्तारी के लिए सभी संभावित ठिकानों पर छापामारी तेज कर दी गयी है.

अपहरण कर युवती की हत्या का आरोप

इधर, लातेहार में अखिल भारतीय भुईयां समाज कल्याण समिति के जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र भुईयां की पुत्री मनीषा कुमारी का शव गांव में पेड़ से लटका पाया गया. परिजनों का आरोप है कि बुधवार की रात आठ बजे मनीषा का कुछ लोगों ने अपहरण कर लिया था.

रात से ही मनीषा की खोजबीन की जा रही थी, लेकिन आज सुबह उसका शव गांव से सटे पेड़ से लटका पाया गया. परिजनों का कहना है कि मनीषा की हत्या कर उसे पेड़ से लटका दिया गया, ताकि उसे आत्महत्या का रूप दिया जाए. परिजनों ने मनीषा की हत्या में दो युवकों के शामिल होने की जानकारी मनिका पुलिस को दी है.

Related Articles

Back to top button