
Ranchi : मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास ने कहा कि हर गांव की सूरत बदलनी है. ग्रामीणों के चेहरे पर मुस्कान लाना मेरा लक्ष्य है. समृद्धशाली होने के बाद भी झारखंड की गोद में गरीबी पल रही है. हमारी सरकार बनने के बाद से राज्य से गरीबी समाप्त करने की दिशा में काम शुरू किये गये. गांव में बेरोजगारी, पलायन, अशिक्षा जैसी समस्याएं है. इसे जड़ से मिटाने के लिए काम किया जा रहा है. उक्त बातें उन्होंने ओरमांझी स्थित नशामुक्त हुए गांव बनलोटवा में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कही.
इसे भी पढ़ें – दुस्साहस : पिस्का में दिन दहाड़े लोहरदगा जिला कोषाध्यक्ष पंकज गुप्ता की गोली मार कर हत्या
इसे भी पढ़ें – वीडियो में देखिये कैसे अपराधियों ने भाजपा नेता पंकज गुप्ता को मारी गोली
जनसहयोग के बिना बदलाव या विकास नहीं हो सकता है : रघुवर दास
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसहयोग के बिना बदलाव या विकास नहीं हो सकता है. बनलोटवा गांव इसका उदाहरण है. लोगों ने मिलकर अपनी इच्छाशक्ति से गांव को नशामुक्त कर लिया है. सरकार भी इसी अवधारणा से काम कर रही है. ज्यादा से ज्यादा कार्यों में जनभागीदारी बढ़ायी जा रही है. गांव के विकास के लिए विकास समितियों का गठन किया जा रहा है. अदिवासी बहुल गांवों में आदिवासी विकास समिति और मिश्रित आबादी वाले गांवों में ग्राम विकास समिति का गठन किया जा रहा है. गांव की छोटी-छोटी योजनाएं इन्हीं के माध्यम से धरातल पर उतारी जायेगी. सरकार समिति के खाते में सीधे राशि भेज देगी. समाज को आगे आना होगा, तभी विकास होगा.
इसे भी पढ़ें – भाजपा जिला कोषाध्यक्ष की हत्या के विरोध में लोहरदगा बंद, दुकानदारों ने स्वत: बंद की अपनी दुकानें
गांव में बेरोजगारी मिटाने के लिए सरकार कृतसंकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव में बेरोजगारी मिटाने के लिए सरकार कृतसंकल्प है. एक सर्वे में पाया गया है कि राज्य की तीन लाख महिलाओं के पास जमीन या रोजगार नहीं है. इन महिलाओं को रोजगार से जोड़ा जा रहा है. गांव में मधुमक्खी पालन, लाह उत्पादन, तसर उत्पादन, अंडा उत्पादन, वनोपज को बढ़ावा देने जैसे काम किये जा रहे हैं. राज्य के नौ जिलों में अप्रैल में 2.5 लाख मधु बॉक्स फ्री वितरित किये जायेंगे. रेडी टू ईट योजना के तहत पांचों प्रमंडल में महिलाओं का समूह बनाकर भोजन तैयार कर सखी मंडल के माध्यम से वितरण किया जायेगा. इससे 10 हजार महिलाओं को रोजगार मिलेगा.
इसे भी पढ़ें – बीजेपी लीडर के मर्डर को लेकर एसएसपी ने बनायी स्पेशल टास्क फोर्स, टीम में ATS और CID भी शामिल
आजादी के बाद कुछ नेताओं ने जनता को ठगा
सीएम रघुवर दास ने कहा कि आजादी के बाद से कुछ नेताओं ने जनता को ठगने का काम किया है. गांव और गरीब की जिंदगी में बदलाव के लिए ठोस कदम नहीं उठाये गये. केंद्र में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार आने के बाद गरीबों की सुध ली गयी. जनता को नेताओं से सवाल पूछने का हक है. हम सब सेवक हैं. जनता मालिक है. जो काम नहीं करे, उससे सवाल पूछे. अब जनता शिक्षित होने लगी है. अब उन्हें बहलाया नहीं जा सकता है. नशामुक्त होने पर गांव को एक लाख रुपये की सम्मान राशि दी गयी. इसके साथ ही गांव में अच्छा काम करनेवाले ग्रामीणों को पुरस्कृत किया गया.
रासो देवी ने सीएम से स्कूल के लिए शिक्षक की मांग की
मुख्यमंत्री से गांव की रासो देवी ने स्कूल के लिए शिक्षक की मांग रखी, ताकि बच्चों को दूर ना जाना पड़े….छुउवा मन के दूर न जाई परे. मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़ी संख्या में शिक्षक बहाल हुए हैं पर, अभी भी कमी है. जल्द ही गांव के पढ़े लिखे बच्चों को ही इससे जोड़ने की पहल पर विचार किया जायेगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि नारी शक्ति को नमन. बेटी और बेटा में फर्क ना करें. बेटियां परिवार, गांव, राज्य और देश की सूरत बदलेंगी. इस दौरान रांची के सांसद रामटहल चौधरी, खिजरी विधायक रामकुमार पाहन, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष आदित्य साहु समेत अन्य लोग उपस्थित थे.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




