धनबाद : रेलवे खुफिया विभाग ने हाई अलर्ट जारी किया है कि धनबाद और आसपास के स्टेशनों पर नक्सली स्वतंत्रता दिवस पर कुछ खुराफात कर सकते हैं. सूचना मिली है कि धनबाद रेल मंडल में ग्रैंड कॉर्ड व सीआइसी सेक्शन के नक्सल प्रभावित स्टेशनों के आसपास 15 अगस्त को नक्सली संगठन के सदस्य काला झंडा फहरा कर विरोध प्रकट कर सकते हैं. साथ ही बम विस्फोट कर जान-माल की हानि की भी तैयारी है.
रेलवे की खुफिया रिपोर्ट के बाद हाइ अलर्ट कर दिया गया है. रिपोर्ट में दो दर्जन के आसपास के स्टेशनों को चि:न्हित भी किया गया है. रेल थानों व आरपीएफ पोस्ट के अधिकारियों व जवानों को चौकन्ना रहने व नक्सलियों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखने को कहा गया है.
ट्रेनों में स्कोर्ट पार्टी को भी चेकिंग अभियान चलाने व संदिग्धों पर खास ध्यान देने की बात कही गयी है. मौका पाकर नक्सली हमला कर हथियार व कारतूस लूट सकते हैं. हाइ अलर्ट के मद्देनजर मंगलवार को स्टेशन परिसर व ट्रेनों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया. मेटल डिटेक्टर से यात्रियों की बैग व अटैची की चेकिंग की गयी.




