Ranchi: रांची से प्रकाशित दैनिक अखबार खबर मंत्र के मालिक और प्रधान संपादक अभय सिंह का निधन हो गया. उनका निधन शुक्रवार की सुबह 5 बजे गुरुनानक अस्पताल में हुआ. बताया जा रहा है कि अभय सिंह पिछले दो दिनों से बीमार थे. उनके कोरोना से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है.
शुक्रवार सुबह उनकी पत्नी को गुरुनानक अस्पताल प्रबंधन ने सूचना दी कि अभय सिंह की स्थिति गंभीर है. आनन-फानन में अभय सिंह के परिजन गुरु नानक हॉस्पिटल पहुंचे जब तक परिजन हॉस्पिटल पहुंचे तब तक अभय सिंह की मौत हो चुकी थी. उनके परिवार में उनकी पत्नी, 11वीं में पढ़ने वाला उनका एक बेटा और एक बेटी है. उनका घर मोरहाबादी के कुसुम विहार इलाके में है.
सुजीत सिन्हा ने अभय सिंह से मांगी थी रंगदारी
खबर मंत्र के प्रधान संपादक और वन वृंदावन कंस्ट्रक्शन के मालिक अभय सिंह के मोरहाबादी में दिव्ययान चौक स्थित दफ्तर पर बीते 15 अगस्त को गैंगस्टर सुजीत सिन्हा गिरोह के अपराधियों ने फायरिंग की थी. गौरतलब है कि घटना को अंजाम देने से 9 दिनों पहले बीते 6 अगस्त को व्हाट्सएप पर मैसेज भेजकर अभय सिंह से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गयी थी. रांची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार किया था. इसके बाद गिरफ्तार हुए अपराधियों के निशानदेही पर पीएलएफआइ के उग्रवादी परमेश्वर को भी गिरफ्तार कर लिया गया था.




