Uncategorized

असम मामले पर मुंबई में हिंसा, आगजनी, दो की मौत

मुंबई: भारत के पूर्वोत्तर राज्य असम में हुए दंगों के विरोध में महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में शनिवार को हुआ विरोध-प्रदर्शन हिंसक हो गया. पुलिस का कहना है कि हिंसा में दो लोग मारे गए हैं. खबरों के मुताबिक, दक्षिण मुंबई के आज़ाद मैदान में रज़ा एकेडमी के आह्वान पर हजारों प्रदर्शनकारी जुटे थे.

अचानक भीड़ ने हिंसक रूप ले लिया और एक वाहन में आग लगा दी. इसके बाद कई बसों में तोड़फोड़ की गई और पथराव किया. पुलिस ने हालात पर काबू पाने के लिए हवा में गोलियां चलाईं और लाठीचार्ज भी किया.

देर रात एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा, “इस घटना के बाद मुंबई और पूरे राज्य में हाई-अलर्ट घोषित कर दिया गया है और सुरक्षा-व्यवस्था बढ़ाई गई है.”

वहीं केंद्रीय गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे ने मुंबई में हुई इस हिंसक घटना की भर्त्सना की है और लोगों से शांति-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है. उन्होंने अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी है.

समाचार एजेंसियों के मुताबिक, झड़पों में कम से कम 55 लोग घायल हुए हैं जिनमें से दो ने बाद में अस्पताल में दम तोड़ दिया. मृतकों की पहचान मोहम्मद उमर और अल्ताफ शेख के रूप में हुई है. दोनों को इलाज के लिए सेंट जॉर्ज अस्पताल लाया गया जहां उन्होंने दम तोड़ दिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button