JharkhandRanchi

चार लेबर कोड के विरोध में प्रदर्शन, ट्रेड यूनियनों ने जलायीं प्रतियां

  •  23 जिलों में 656 स्थानों में हुआ विरोध
  •  16 हजार से अधिक कर्मचारी और मजदूर हुए शामिल

Ranchi: गुरुवार को चार लेबर कोड के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया. इस दौरान ट्रेड यूनियनों की ओर से चार लेबर कोड की प्रतियां फाड़ी और जलायी गयीं. राज्य में संयुक्त ट्रेड यूनियन मंच की ओर से इसका नेतृत्व किया गया. मंच की ओर से जानकारी दी गयी कि अधिकांश सार्वजनिक स्थलों, औद्योगिक क्षेत्रों, सरकारी कंपनियों, खनन क्षेत्र कोल ब्लॉक में कर्मचारियों और मजदूरों ने लेबर कोड की प्रतियां फाड़ी और जलायी.

केंद्रीय स्तर पर दस ट्रेड संगठनों की ओर से विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया गया है. राज्य में संयुक्त ट्रेड यूनियन मंच में इंटक, एटक, सीटू, एचएमएस समेत अन्य ट्रेड यूनियनों ने समर्थन दिया. ट्रेड यूनियनों से जानकारी मिली है कि राज्य में 23 जिलों विरोध प्रदर्शन किया गया, जिसमें 656 कार्य स्थलों में विरोध प्रदर्शन किया गया. राज्य के 16 हजार से अधिक मजदूर और कर्मचारियों ने इसमें हिस्सा लिया.

कहां-कहां हुआ विरोध प्रदर्शन

राज्य मे कोल इंडिया की तीनों कंपनियों सीसीएल, बीसीसीएल और इसीएल के खदानों और कार्यालयों, राज्य के विभिन्न औद्योगिक परिसरों, आदित्यपुर-गम्हरिया औद्योगिक क्षेत्र, बोकारो इस्पात कारखाने, पं सिंहभूम जिले में अवस्थित किरीबुरू, मेघाहातुबुरू और चिड़िया के लौह अयस्क खदानों, संतालपरगना के पत्थर और बीड़ी उद्योग के मजदूरों, परिवहन और निर्माण क्षेत्र के कामगारों, बैंक, बीमा और मध्य वर्गीय कर्मचारियों समेत बड़ी संख्या मे परियोजना कर्मी विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए.

लगातार चलाया जायेगा अभियान

इंटक के राकेश्वर पांडे ने बताया कि चार लेबर कोड के विरोध में राज्य में लगातार अभियान चलाया जायेगा. केंद्रीय निर्देश पर ये अभियान चलाये जायेंगे. राकेश्वर ने कहा कि केंद्र सरकार मजदूरों के दमन के लिये लेबर कोड लेकर आया है. जबकि जब से कोड लागू किया गया है, तब से विरोध प्रदर्शन जारी है. फिर भी केंद्र सरकार इस कोड को वापस नहीं ले रही है.

Related Articles

Back to top button