
New Delhi: जून 2018 में हुई जवान औरंगजेब की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. शहीद जवान औरंगजेब के अपहरण और हत्या के मामले में 44 राष्ट्रीय राइफल्स के तीन जवानों को हिरासत में लिया गया है. उनसे पूछताछ की जा रही है. खबर है कि तीनों जवानों पर आतंकियों के खबरी होने का शक है.
सूत्रों की मानें तो तीनों जवानों की पहचान आबिद वानी, तजामुल अहमद, और आदिल वनिआरे के तौर पर की गई है. इनमें से दो जवान पुलवामा के रहनेवाले हैं, जबकि एक कुलगाम का रहनेवाला है. जवानों पर आरोप है कि उन्होंने औरंगजेब के आनेजाने की सूचना आतंकियों को दी, जिससे आतंकी अपने मकसद में कामयाब हो सके.
जून 2018 में हुई थी हत्या
ज्ञात हो कि सेना के जवान औरंगजेब की जून 2018 में हत्या कर दी गई थी. वो सेना के कैंप से पूंछ स्थित अपने घर जाने के लिए निकले थे, इस बीच आतंकियों ने उन्हें किडनैप कर लिया था. उन्हें मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया. वहीं दो दिन पहले ही पीएम नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में औरंगजेब के पिता बीजेपी में शामिल हुए थे.
इसे भी पढ़ेंः आम चुनाव तक राम मंदिर को लेकर विहिप नहीं करेगा कोई आंदोलन




