
Palamu : राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने झारखंड की 30 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का मन बनाया है. इसके लिए केंद्रीय नेतृत्व से बात हो चुकी है. जल्द ही इसे अंतिम रूप दे दिया जायेगा.
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व मंत्री कमलेश कुमार सिंह ने शनिवार को पलामू जिले के हुसैनाबाद में यह जानकारी दी. उन्होंने कहा कि पार्टी का महाराष्ट्र में काफी अच्छा प्रदर्शन रहा है. इससे कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है. केंद्रीय नेतृत्व भी झारखंड में अधिक से अधिक विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी देने के प्रति गंभीर है.
उन्होंने कहा कि झारखंड में कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा, आरजेडी समेत अन्य सेकुलर विचारधारा रखने वाली पार्टियों के नेताओं से बात चल रही है. गठबंधन हुआ तो एनसीपी 10 सीट पर प्रत्याशी उतारेगी. किसी कारण पेच फंसता है, तो 25 से 30 सीट पर चुनाव लड़ना तय होगा.
इसे भी पढ़ें : #BJP के खिलाफ जिन्होंने अब तक उगला जहर, उन्हें पार्टी के बखान का जिम्मा, भूले पुराने साथियों को
कहां-कहां से उम्मीदवार देगी एनसीपी
उन्होंने कहा कि इस संबंध में 30 अक्टूबर को दिल्ली में केंद्रीय नेताओं के साथ उनकी बैठक है. बैठक में प्रत्याशियों की सूची केंद्रीय नेतृत्व को सौंपी जायेगी.
उन्होंने कहा कि झारखंड के हुसैनाबाद, डालटनगंज, गोड्डा, महगामा, पाकुड़, साहेबगंज, गिरिडीह, जमशेदपुर, छतरपुर, हटिया, तमाड़, कोडरमा, धनबाद, चतरा समेत अन्य कई सीटों से उम्मीदवारी पेश की जा सकती है.
उन्होंने कहा कि राज्य की वर्तमान सरकार से झारखंड की जनता त्रस्त है. जनता की समस्याओं के समाधान पर सरकार का रवैया नकारात्मक रहा है. लोगों की रोजी रोटी पर आफत है.
राज्य में एक भी उद्योग नही लगे. ऊपर से जमशेदपुर समेत अन्य जगहों के कई छोटे छोटे कारखाने बंद हुए है, जिससे राज्य में बेरोजगारी की समस्या बढ़ गयी है. मुख्यमंत्री जनआशीर्वाद यात्रा कर जनता को भ्रमित करने का काम कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि झारखंड की बहाली में बाहर के लोगों को भरा गया. इसे राज्य के युवा बर्दाश्त नहीं करेंगे. भाजपा को इस चुनाव में राज्य की जनता सबक सिखाने का मूड बना चुकी है. कुछ नेताओं ने पिछले दिनों भाजपा का दामन थामा है. उन्होंने अपने पांव पर कुल्हाड़ी खुद मार ली है. जनता उन्हें भी जवाब देगी.
एक सवाल के जवाब में कहा कि एनसीपी राष्ट्रीय पार्टी है. पार्टी का संगठन राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्रों में है.
उन्होंने यह भी साफ किया कि एनसीपी अलग चुनाव लड़ने के बावजूद भी महागठबंधन का हिस्सा ही रहेगी.
इसे भी पढ़ें : #NIA का भी डर नहीं रहा नक्सलियों को, फरार घोषित होने के बाद भी हैं सक्रिय और वसूल रहे लेवी
जनता की राय से तैयार किया जायेगा घोषणा पत्र
सिंह ने बताया कि राज्य का घोषणा-पत्र विभिन्न क्षेत्रों की जनता की राय लेकर बनाने का काम किया जा रहा है.
दलित, आदिवासियों और अल्पसंख्यकों के साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर सभी जाति के लोगों की आर्थिक व सामाजिक स्थिति को दुरुस्त करना पार्टी की प्राथमिकता में शामिल है.
इसे भी पढ़ें : झारखंड में CBSE के 423 स्कूल, ग्रामीण क्षेत्रों के लगभग आधे स्कूलों में दुरुस्त नहीं हैं प्रैक्टिकल लैब्स




