Uncategorized

महाराष्ट्र में ट्रेन दुर्घटना : 15 की मौत

रायगढ़ (महाराष्ट्र): महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में कोंकण रेल खंड पर एक पैसेंजर ट्रेन के पटरी से उतर जाने से कम से कम 15 यात्रियों की मौत हो गई और 87 घायल हो गए।

हादसा नीदी गांव के पास एक सुरंग के ठीक बाहर उस समय हुआ, जब दिवा-सावंतवाडी ट्रेन का इंजन और उसके चार डिब्बे नगोथाने और रोहा रेलवे स्टेशनों के बीच पटरी से उतर गए। हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ।

रायगढ़ पुलिस के मुताबिक, राहत अभियान जारी है और बचावकर्मी डिब्बों में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस कंट्रोल रूम ने बताया कि हादसे में 15 यात्रियों की मौत हो गई और 87 घायल हो गए। दूसरी ओर, रेल विभाग के एक प्रवक्ता ने मरने वालों की संख्या 12 बताई है।

पुलिस के अनुसार, 10 शवों को नागोथने प्राथमिक स्वास्थ केंद्र में पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। दो शवों को सरकारी अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि घायल यात्रियों को इलाज के लिए रोहा भेजा गया है।

इस हादसे के बाद कोंकण रेलखंड पर रेल सेवाओं को निलंबित कर दिया गया। पिछले महीने भी इस मार्ग पर एक मालगाड़ी पटरी से उतर गई थी।

रेल विभाग ने इस हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष अरूणेंद्र कुमार ने कहा कि आयुक्त (रेल सुरक्षा) चेतन बक्शी इस घटना की जांच करेंगे और वह मौके पर पहुंच गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button