
Dhanbad : बाघमारा के सिजुआ निवासी कांग्रेस के प्रदेश सचिव रणविजय सिंह ने मंगलवार को सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस की. सिंह ने बताया कि मेरे उपर जो अपहरण का मामला दर्ज किया गया है, वह पूरी तरह से विधायक ढुल्लू के इशारे पर किया गया था. शिकायतकर्ता कोई और नहीं बल्कि एक बच्चा को खड़ा करके झूठा आरोप लगाया गया. बच्चा अमित कुमार उर्फ गोलू ने थाना प्रभारी को आवेदन देकर बताया कि दिनांक 30 नवंबर को उन्होंने आरोपित किए गए अभियोग में जो रंगदारी आरोप लगाया था, उसे वापस ले रहा हूं. साथ ही कहा कि मेरा प्रेशर बढ़ गया था, जिससे मुझे कुछ होश नहीं था. मैंने अनजाने में यह कदम उठाया. मैं रणविजय सिंह को आज पहली बार देखा हूं, मैंने इन्हें पहले कभी नहीं देखा.
पार्टी के सांसद की इज्जत नहीं करते ढुल्लू
वहीं, रणविजय सिंह बाघमारा विधायक ढुल्लू महतो के खिलाफ जमकर बरसे. कहा कि विधायक एक बहरूपिया और बलात्कारी हैं. मेरी लोकप्रियता बढ़ते देख विधायक घबरा गए और मनगढ़ंत कहानी गढ़ने लगे हैं. उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में बाघमारा क्षेत्र में केस-केस खेला जा रहा है. ढुल्लू महतो ने कुछ दिनों के अंतराल में 7 से 8 एपिसोड दिखाये हैं. भाजपा नेत्री कमला देवी प्रकरण को सभी जानते हैं. इतना ही नहीं वे अपने ही पार्टी के सांसद की जब इज्जत नहीं करते हैं, तो जनता की क्या इज्जत करेंगे.
आवाज उठाने वालों की आवाज दबाते हैं ढुल्लू
भाजपा नेता विनय सिंह पर ढुल्लू के गुर्गों ने हमला किया था. बाघमारा क्षेत्र के कुछ चौहान लोगों पर झूठा मुकदमा ढुल्लू ने करवाया, उन्हें जेल हो गयी. उन सभी के जेल से छूटने के बाद विजय जुलूस पर ढुल्लू के गुर्गों ने डीओ धारक ओम प्रकाश, विक्की, चंदेल जैसे लोगों पर फिर हमला करवाया. अपने खिलाफ आवाज उठाने वालों की आवाज दबाने का काम ढुल्लू महतो करते हैं. इसके लिए ढुल्लू महतो किसी हद तक जा सकते हैं. एक अधिवक्ता सोमनाथ को झूठे केस में फंसाने के लिए उनके घर एक महिला को भेज दिया गया. सोमनाथ की किस्मत अच्छी थी कि ढुल्लू के जाल में वे फंसने से बच गए.
मजदूरों के साथ अत्याचार कर रहे हैं ढुल्लू
उन्होंने कहा कि खुद को मजदूर और किसान का बेटा कहने वाले ढुल्लू महतो असल में मजदूरों के साथ अत्याचार कर रहे हैं. पूरे कोयलांचल में उसने ई-ऑक्शन की बिडिंग बंद करा दी. ढुल्लू महतो ने कभी बाघमारा क्षेत्र के विकास की बातें नहीं की. बिजली, पानी, सड़क जनता की इन मूल जरुरतों को पूरा करने पर ध्यान नहीं दिया.




