|| सीसीटीवी कैमरे से अखाड़ा पर रखी जाएगी नजर ||
गिरिडीह : रामनवमी पर्व की संवेदनशीलता को देखते हुए गिरिडीह जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन की ओर से विशेष चौकसी और सतर्कता बरती जा रही है। रामनवमी के अखाड़े की संवेदनशीलता को देखते हुए गिरिडीह जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किये हैं।
रामनवमी के अखाड़े के दौरान असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए शहर के कई स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाये जा रहे हैं। 28 व 29 मार्च को रामनवमी के दौरान विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों को उपायुक्त डॉ मुकेश कुमार वर्मा व पुलिस कप्तान ने संयुक्त आदेश जारी किया है।
जिले के 206 स्थानों पर जहां 106 दंडाधिकारी के साथ पुलिस अधिकारी और सुरक्षा बलों की तैनाती की गयी है, वहीं पूरे जिले में नजर बनाए रखने के लिए 27 मार्च से 29 मार्च तक 24 घंटे काम करने के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है।
प्रशासन की ओर से नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर भी जारी किया गया है। बताया गया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की घटनाओं की सूचना दूरभाष संख्या 228829 पर दी जा सकती है।
जिला नियंत्रण कक्ष में वरीय दंडाधिकारी के रूप में अपर समाहर्ता रवींद्र कुमार सिंह व पुलिस पदाधिकारी के रूप में पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय विजय आशीष कुजूर को जिम्मेवारी सौंपी गयी है। वहीं चिह्नित सभी 206 स्थानों पर दंडाधिकारी व पुलिस अधिकारी को सुरक्षा बलों के साथ 27 मार्च के अपराह्न से 29 मार्च 2015 तक तैनात रहने के निर्देश जारी किये गए हैं।
उपायुक्त व पुलिस कप्तान ने अधीक्षक उत्पाद को किसी भी प्रकार के नशीले सामानों की बिक्री पर पूर्णतः रोक लगाने की जिम्मेवारी सौंपी है। बताया गया कि रामनवमी के अवसर पर आगामी 28 मार्च को ड्राई डे घोषित किया गया है। इस दौरान किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों की दुकानों के खुले रखने पर कार्रवाई की जायेगी।
विद्युत कार्यपालक अभियंता को जुलूस की अवधि में 27 मार्च को तीन बजे अपराह्न से जुलूस की समाप्ति तक विद्युत आपूर्ति बंद रखने का निर्देश दिया गया है। रामनवमी के अवसर पर किसी भी दल या पार्टी ने कोई भाषणबाजी की तो उसकी रेकॉर्डिंग की व्यवस्था भी करने का निर्देश जारी किया गया है।
इधर, डांड़ीडीह-पेट्रोल पंप के पास, पचंबा हाई स्कूल के सामने, डीएवी स्कूल सिरसिया, मुफ्फसिल थाना के पास और कबीर ज्ञान मंदिर के निकट ड्रॉप गेट का निर्माण करने का निर्देश दिया गया है। सुरक्षा में तैनात लाठी बल बॉडी प्रोटेक्टर, हेलमेट और केनशील्ड के साथ रहेंगे। जबकि सशस्त्र बल बीपी जैकेट व हेलमेट के साथ रहने के निर्देश जारी किये गए हैं।




