Uncategorized

उप्र चुनाव में भाजपा की शानदार जीत से उछले बाजार

(साप्ताहिक समीक्षा)
मुंबई: बीते सप्ताह शेयर बाजारों में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मिली शानदार जीत के कारण तेज उछाल दर्ज की गई और सेंसेक्स 29,000 अंकों के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार कर गया। इस सप्ताह सेंसेक्स 702.76 अंको या 2.42 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 29,648.99 अंकों पर तथा निफ्टी 225.50 अंको या 2.52 फीसदी की तेजी के साथ 9,160.05 पर बंद हुआ। बीएसई के मिडपैक सूचकांक में 3.94 फीसदी और स्मॉलकैप में 3 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

वहीं, सोमवार को होली के उपलक्ष्य में शेयर बाजार बंद रहे। पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों में दो राज्यों में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिला, जबकि दो राज्यों में उसने गठबंधन की सरकार बनाई, जबकि पंजाब में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत हासिल हुआ। इससे निवेशकों के मन में सरकार द्वारा की जा रही सुधार प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद जगी है। इसके साथ ही जीएसटी विधेयक से सभी मसौदों को परिषद की मंजूरी मिल गई है और इसके 1 जुलाई से लागू होने का रास्ता साफ हो गया है।

मंगलवार को शेयर बाजारों की जोरदार शुरुआत हुई, क्योंकि एक दिन पहले ही पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों के नतीजे आए थे और केंद्र की सत्ताधारी पार्टी भाजपा ने इनमें जोरदार प्रदर्शन किया था, खासतौर से राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण राज्य उत्तर प्रदेश में। इसके असर से मंगलवार को जब शेयर बाजार खुले तो जोरदार तेजी देखी गई और सेंसेक्स 496.40 अंकों या 1.71 फीसदी की तेजी के साथ 29,442.63 पर बंद हुआ।

बुधवार को सेंसेक्स में 44.52 अंकों या 0.15 फीसदी की गिरावट आई और यह 29,398.11 पर बंद हुआ। गुरुवार को सेंसेक्स में तेजी आई और यह 187.74 अंकों या 0.64 फीसदी की तेजी के साथ 29,585.85 पर बंद हुआ। कारोबारी सप्ताह के आखिरी दिन शुक्रवार को सेंसेक्स 63.14 अंकों या 0.21 फीसदी की तेजी के साथ 29,648.99 पर बंद हुआ।

सेंसेक्स के जिन शेयरों में तेजी देखी गई उनमें अडाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन (8.42 फीसदी), एशियन पेंट्स (4.67 फीसदी), बजाज ऑटो (1.39 फीसदी), सिप्ला (1.39 फीसदी), डॉ. रेड्डी (0.57 फीसदी), एचडीएफसी (5.65 फीसदी), एचडीएफसी बैंक (1.84 फीसदी), हिन्दुस्तान यूनीलीवर (3.19 फीसदी), आईसीआईसीआई बैंक (3.77 फीसदी), इंफोसिस (1.95 फीसदी), आईटीसी (6.82 फीसदी), एसबीआई (0.75 फीसदी), एक्सिस बैंक (0.28 फीसदी), विप्रो (3.5 फीसदी), एलएंडटी (3.94 फीसदी), पॉवरग्रिड (0.49 फीसदी), सन फार्मा (3.39 फीसदी), ल्यूपिन (0.48 फीसदी) और हीरो मोटोकॉर्प (1.11 फीसदी) प्रमुख रहे।

सेंसेक्स के गिरावट वाले शेयरों में प्रमुख रहे- कोल इंडिया (8.47 फीसदी), गेल (0.98 फीसदी), महिंद्रा एंड महिंद्रा (0.07 फीसदी), ओएनजीसी (0.76 फीसदी), टीसीएस (0.59 फीसदी) और भारती एयरटेल (4.93 फीसदी)।

वहीं, व्यापक आर्थिक आंकड़े के मोर्चे पर मंगलवार को शेयर बाजार बंद होने के बाद उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) के आंकड़े जारी किए गए। सीपीआई फरवरी में बढ़कर 3.65 फीसदी रही, जबकि जनवरी में यह 3.17 फीसदी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button