Uncategorized

पटनाः श्रीबाबू की जयंती पर कांग्रेस-लालू हुए एकजुट, भाजपा पर बोला हमला

NEWSWING

Patna,  21 October : बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की जयंती के अवसर पर राजद प्रमुख लालू प्रसाद और कांग्रेस शनिवार को एकजुट हो गये. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी पार्टी भाजपा पर जमकर हमला बोला. पटना के सम्राट अशोक कंवेंशन सेंटर स्थित बापू सभागार में श्रीकृष्ण सिंह की 130वीं जयंती मनाई गयी. इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अखिलेश प्रसाद सिंह ने एक कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें राजद प्रमुख लालू प्रसाद ने मुख्य अतिथि के तौर पर भाग लिया.

भाजपाइयों ने भी आयोजित की कार्यक्रम

सम्राट अशोक कंवेंशन सेंटर के कुछ ही दूरी पर भाजपा और उसके घटक दलों ने श्रीकृष्ण सिंह की जयंती के अवसर पर एक अन्य कार्यक्रम का आयो​जन किया. जिसमें उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, पूर्व मुख्यमंत्री एवं हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा सेक्युलर के प्रमुख जीतन राम मांझी सहित राजग के कई अन्य नेता तथा मेघालय के राज्यपाल गंगा प्रसाद और पूर्व मंत्री रामचंद्र प्रसाद सिंह ने भाग लिया.

 सीएम ने सचिवालय में किया माल्यार्पण

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने श्रीकृष्ण सिंह की जयंती को लेकर आयोजित इन राजनीतिक कार्यक्रमों से दूरी बरती. सचिवालय परिसर में राज्यपाल सत्य पाल मलिक एवं बिहार विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी के साथ श्रीबाबू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया.

कांग्रेस ऑल इंडिया पार्टी है, हमलोग पूरी तरह साथ हैः लालू

कार्यक्रम में लालू ने कांग्रेस के साथ पूरी तरह से होने की बात कही. वहीं कांग्रेसी नेताओं ने लालू की खूब प्रशंसा की. समारोह को संबोधित करते हुए लालू ने कहा कि हम लोग पूरी तरह साथ हैं. कांग्रेस ऑल इंडिया पार्टी है. लालू ने मंच पर मौजूद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शकील अहमद, कार्यक्रम के संयोजक अखिलेश प्रसाद और पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रेमचंद मिश्र की ओर मुखातिब हुए. उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्य की बात है कि जैसे ही किसी को कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनाया जाता है उसी दिन से उसे हटाने का अभियान छिड़ जाता है. इसको खत्म करिए. संगठन और पार्टी को मजबूत करिए.

अब सपेरा जैसे नचायेगा नाचते रहिए

होटल के बदले भूखंड सहित अन्य मामले में हो रही कार्रवाई को भाजपा के इशारों पर की गयी कार्रवाई बताया. लालू ने पूछा कि अमित शाह के पुत्र जय शाह को क्यों नहीं नोटिस भेजा गया.  नीतीश कुमार पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि ये तो खत्म हो गए ‘पलटूराम’. अब सपेरा जैसे नचायेगा नाचते रहिए. अगले बिहार विधानसभा चुनाव में नीतीश के सत्ता में नहीं आने का दावा करते हुए लालू ने कहा कि अगले चुनाव में भाजपा की लड़ाई सीधे तौर पर उनकी पार्टी से होगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button