
Ranchi : झारखंड प्रदेश विद्यालय रसोईया संयोजिका अध्यक्ष संघ की बैठक शनिवार को मोरहाबादी मैदान में की गयी. बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश अध्यक्ष अजीत प्रजापति उपस्थित थे. इस दौरान रसोईया संयोजिका की मांगों और आगे की रणनीति पर चर्चा की गयी. विचार विमर्श के बाद निर्णय लिया गया कि मानसून सत्र के दौरान रसोईया संयोजिका संघ की ओर से तीन दिवसीय प्रदर्शन किया जायेगा. जिसमें प्रत्येक जिला और प्रखंड स्तर पर रसोईया संयोजिका शामिल होंगी.
संगठन को सशक्त बनाने के लिए 26,27 और 28 को कार्यशाला का आयोजन किया जायेगा. जो रांची जिले में आयोजित होगी. इसमें प्रत्येक जिले और प्रखंड से पांच पांच रसोईया संयोजिका शामिल होंगी. इस दौरान संयोजिकाओं को बताया गया कि मुख्यमंत्री के सचिव की ओर से 19 जून को रसोईया संयोजिकाओं को मिलने के बुलाया गया है. जिस दौरान संघ की ओर से मांगों को रखा जायेगा.
इसे भी पढ़ेंः दर्द-ए-पारा शिक्षक : जिस कमरे में रहते हैं उसी में बकरी पालते हैं, उधार इतना है कि घर बनाना तो सपने जैसा
प्रधानमंत्री से जुलाई माह के अंत में मुलाकात की जायेगी
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जुलाई माह के अंत में संघ की ओर से प्रधानमंत्री से मुलाकात की जायेगी. राज्य की रसोईया संयोजिकाओं की समस्या से उन्हें अवगत कराया जायेगा. इसके लिए संघ की ओर से पांच सदस्यीय मंडल दिल्ली जायेगा. कोषाध्यक्ष अनीता देवी ने कहा कि संघ अपनी मांगों को लेकर काफी लंबे समय से प्रयासरत है. लेकिन कभी भी सरकार ने रसोईया संयोजिकाओं के लिए सकारात्मक निर्णय नहीं लिये. फिर से आचार संहिता लागू होने से पहले जरूरी है कि रसोईया संयोजिकाओं को उनका हक मिले.
इसे भी पढ़ेंः पलामू: प्रमंडलीय सदर अस्पताल में लगी आग, रोगियों में मची अफरा-तफरी
देर से ही सही पर रसोईया संयोजिकाओं को हक मिलेगा
संघ के अध्यक्ष अजीत प्रजापति ने कहा कि रसोईया संघ हमेशा अपने मांगों को लेकर तत्पर है. किसी भी हद तक जाकर महिलाओं ने आंदोलन किया है. ऐसे में महिलाओं को उनका हक मिलेगा. देर से ही सही पर संघ के प्रयास बेकार नहीं जायेंगे. मौके पर दशमी देवी, पिंकी देवी, हेमलता लकड़ा, गीता देवी, किरण देवी समेत अन्य उपस्थित थे.




