
Islamabad : रक्षा तकनीक के क्षेत्र में भारत के बढ़ते कदम से पड़ोसी से देशों की पेशानी पर बल पड़ने लगे हैं। पाकिस्तान ने भारत द्वारा अत्याधुनिक ड्रोन रुस्तम-2 को विकसित किये जाने को लेकर चिंता जताई है. दरअसल, पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के प्रवक्ता मोहम्मद फैसल से साप्ताहिक संवाददाता सम्मेलन में भारत के रूस्तम 2 को लेकर सवाल किया गया था, जिसे अमेरिकी प्रीडेटर ड्रोन की तर्ज पर निगरानी एवं टोह लेने के उद्देश्य से विकसित किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि भारत द्वारा ड्रोन प्रौद्योगिकी का विकास करना चिंताजनक है, जब इसे परंपरागत और गैर परंपरागत क्षेत्रों में उसके द्वारा निर्माण एवं सैन्य क्षमताओं के विस्तार के संदर्भ में देखा जाता है.
इसे भी देखें- CBI ने कार्ति की गिरफ्तारी को ठहराया सही, जांच में असहयोग का दिया हवाला
पाक ने खराब संबंधों के लिए भारत को कोसा
मोहम्मद फैसल ने कहा कि ड्रोन प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल संयुक्त राष्ट्र चार्टर के सिद्धांतों, अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून एवं किसी जिम्मेदार देश के व्यवहार के अन्य स्थापित नियमों के अनुरूप होना चाहिए। उन्होंने इंडियन मोशन पिक्चर्स प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (आईएमपीपीए) द्वारा पाकिस्तान के अभिनेताओं एवं कलाकारों पर प्रतिबंध बरकरार रखने के निर्णय की भी आलोचना की और इसे ‘‘भारत में व्याप्त अतिवाद और पाकिस्तान विरोधी पूर्वाग्रह का एक और उदाहरण’’ बताया। इस सवाल पर कि क्या पाकिस्तान और भारत के विदेश सचिवों के अफगानिस्तान में ‘काबुल प्रोसेस’ से इतर मुलाकात करने की संभावना है, उन्होंने कहा, ‘‘ऐसी किसी भी बैठक की परिकल्पना नहीं की गई है।’’




