हजारीबाग: मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि सरकार अगामी बजट में योजना बनाओ अभियान के तहत ग्रामीणों द्वारा चयनित योजना को शामिल करने जा रही है। जिससे योजनाएं गांव के ग्रामीणों की जरूरत के अनुसार बनायी जा सकेंगी। श्री दास शुक्रवार को हजारीबाग जिला के कटकमसांडी प्रखण्ड के कण्डसार पंचायत में सरकार की महत्वकांक्षी ‘योजना बनाओ अभियान’ के तहत आयोजित पंचायत चैपाल में स्थानीय ग्रामीणांे को संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जिले में नवोन्मेष कार्यक्रम का भी उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम के अन्तर्गत गरीब एवं निर्धन तबके के सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को मेडिकल, इंजिनियरिंग में दाखिले के लिए प्री-कोचिंग दी जाएगी। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि झारखण्ड में उपलब्ध संसाधन का उपयोग गरीबी उन्मूलन कार्यक्रम में होना चाहिए। हिदायत दी कि योजनाओं के निर्माण, चयन और क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लूट की छूट नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि खेती के लिए वर्षा के पानी का संचय करना जरूरी है। इसके लिए डोभा, तालाब, चेकडैम आदि के निर्माण के लिए योजना बनायें। दिसम्बर 2017 तक सभी विद्यालयों में फर्नीचर, प्रयोगशाला, पुस्तकालय एवं छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग शौचालय की व्यवस्था की जाएगी।
श्री दास ने कहा कि सेवा का अधिकार अधिनियम का समयबद्ध अनुपालन नहीं होने पर बीडीओ, सीओ के वेतन से कटौती की जाएगी। ग्रामीण किसी भी प्रकार की शिकायत 181 टाॅल फ्री नंबर पर कर सकते हैं।




