Main SliderRanchi

#sendusbackhomejharkhand: सुनिए सरकार, क्या कह रहे हैं कोटा में फंसे छात्र

  • मैगी खाकर कट रहा दिन, हर दिन घर जाने की हो रही चिंता

Ranchi : अब तो डर लगने लगा है हमारा क्या होगा. एक हफ्ते से ज्यादा समय हो गया है, ढंग से खाना खाये. एक समय खाना मिलता है तो दूसरे टाइम मैगी खाकर सोना पड़ रहा है. हॉस्टल से बाहर जाना बंद है, तो स्टूडेंट्स के लिए क्या होगा यह भी कोई बताने वाला भी नहीं है. अब तो बस हर समय दिमाग में इतना ही चल रहा है कि कैसे अपने घर पहुंचे. यह कहना है कोटा के विज्ञान नगर, महावीर नगर, तलवंडी, राजीव गांधी नगर, इंदिरा विहार जैसे इलाके में रह रहे स्टूडेंट्स का. इन इलाकों में केवल झारखंड के एक हजार से अधिक स्टूडेंट्स रहते हैं.

कोटा में फंसे हुए छात्र लगातार न्यूज विंग से संपर्क कर रहे हैं, जिससे उनकी आवाज सरकार तक पहुंच सके. 

इसे भी पढ़ें – #Lockdown2: कोटा में फंसे छात्रों को निकालने को लेकर सीएम ने केंद्र सरकार को घेरा, ट्वीट कर पूछा झारखंडियों के साथ अन्याय क्यों

घर पहुंचने के लिए ऐसे तड़प रहे हैं छात्र 

हजारीबाग के रहने वाले सुमित पिछले दो साल से कोटा में रहकर इंजीनियरिंग की तैयारी कर रहे हैं. महावीर नगर इलाके के एक हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं. उन्होंने फोन पर बातचीत के दौरान रूआंसे हो कर कहा, अब घर जाना चाहता हूं. यहां अजीब सा डर लग रहा है. न तो ढंग से खाना मिल रहा है तो न दूसरी सुविधाएं.

इसी तरह चतरा के सिमरिया के रहने वाले हमराज ने बताया कि मैगी खाकर गुजारा चल रहा है. जिस हॉस्टल में रहता हूं, वहां सही तरीके से खाना नहीं मिल पा रहा है. उसने बताया कि मेरे आसपास यूपी के कई स्टूडेंट्स रहते हैं, पता चला है कि उन्हें वापस घर लेकर जाया जा रहा है. छत्तीसगढ़ से भी बसें आनेवाली हैं. हम अपने मुख्यमंत्री से गुजारिश करते हैं, वे यहां से निकालने की व्यवस्था करें.

वहीं डाल्टनगंज के यशकर ऐलेन से पढ़ाई कर रहे हैं. उनका कहना है कि डर तो लग रहा है. लेकिन हमारा इंस्टीट्यूट भी हेल्प कर रहा है. फिर भी दूसरे राज्य के स्टूडेंट्स यहां से जा रहे हैं. एक तो कमरे में बंद-बंद अच्छा नहीं लगता, ऊपर से अनजाना सा डर दिन-रात घेरे रहता है. हमलोग बस इतना चाहते हैं कि हमारी झारखंड सरकार या तो यहां से हमें ले जाये या फिर यहीं खाने-पीने की व्यवस्था करे.

#sendusbackhomejharkhand: सुनिए सरकार, क्या कह रहे हैं कोटा में फंसे छात्र
कोटा में फंसे छात्र लगातार सोशल मीडिया पर सरकार से मदद की गुहार लगा रहे हैं.

उरीमारी डीएवी की शिक्षिका मंजू सिन्हा ने बताया कि उनका बेटा रौनक रंजन पिछले एक साल से कोटा में रहे कर पढ़ाई कर रहा है. उन्होंने फोन पर बताया कि बेटे के आसपास कई बच्चे झारखंड के कई जिलों के हैं. सबसे ज्यादा परेशानी खाने की हो रही है. बिस्कुट, चूड़ा, मैगी से दिन गुजर रहा है.

वे कहती हैं कि हम तो चाहते हैं कि बेटा वापस आये. हमने कोशिश भी की, पर सब बेकार. सरकार से गुजारिश से बच्चों को वापस लाने की व्यवस्था करे.

इसे भी पढ़ें – #Corona : झारखंड में 4 और कोरोना पॉजिटिव मरीज, कुल संख्या हुई 38

झारखंड से कोटा जाते हैं, लगभग दो हजार बच्चे

कोटा में हिंदी पट्टी के राज्यों से हर साल जाने वाले बच्चों की संख्या काफी है. विभिन्न मीडिया रिपोर्टस की मानें तो केवल यूपी और झारखंड-बिहार से इस साल लगभग 25 हजार स्टूडेंट्स पढ़ाई कर रहे हैं. जिसमें से केवल बिहार से 18 बच्चे हैं.

रांची के विभिन्न शिक्षाविदों के मुताबिक, झारखंड से कोटा जाने वाले बच्चों की संख्या हर साल बढ़ ही रही है. एक अनुमान के मुताबिक, झारखंड से लगभग 2000 बच्चे कोटा में पढ़ाई कर रहे हैं.

ट्वीटर पर चल रहा #sendusbackhomejharkhand

कोटा में रह रहे झारखंड के बच्चों ने ट्वीटर पर हैश टैग कैंपेन चला रखा है. इस हैश टैग में डालटेनगंज के रहने वाले हिमांशू ने कुमार ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित पीएमओ और अन्य को टैग करते हुए लिखा है कि हम यहां काफी परेशानी का सामना कर रहे हैं. पढ़ाई पर फोकस नहीं कर पा रहा हूं. हम वापस घर जाना चाहते हैं.

इसी हैश टैग के साथ निधि गुप्ता, स्नेहा कुमारी सहित दो दर्जन से अधिक स्टूडेंट्स ने हेमंत सोरेन को टैग करते हुए घर वापस ले जाने की गुजारिश की है. कई स्टूडेंट्स ने वहां हो रही परेशानी से भी अवगत कराया है.

इसे भी पढ़ें – झारखंड का कोई भी जिला कोरोना रेड जोन के लार्ज आउटब्रेक्स में नहीं, क्लस्टर आउटब्रेक्स में हैं रांची-बोकारो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button