Uncategorized

भिवानी में सड़क हादसे में पांच मजदूरों की मौत,14 घायल

News Wing Bhiwani, 28 October: हरियाणा के भिवानी जिले के निमड़ीवाला गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक के एक ट्रेक्टर-ट्राली से टकरा जाने से एक बच्ची समेत पांच मजदूरों की मौत हो गई और 14 मजदूर घायल हो गए. पुलिस ने बताया कि शुक्रवार देर शाम कम से कम 19 मजदूर एक मकान का लेंटर डालकर ट्रेक्टर-ट्राली में सवार होकर भिवानी की तरफ आ रहे थे. इस ट्रेक्टर-ट्राली के साथ लेंटर डालने की ढ़लाई मशीन भी साथ लगी हुई थी. देर रात करीब 11 बजे गांव निमड़ीवाला के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक पहले तो ढ़लाई मशीन से टकराया फिर उसने ट्रैक्टर-ट्राली को टक्कर मार दी. टक्कर लगने से ट्रेक्टर-ट्राली पलट गया और इसमें सवार सभी मजदूर इसके नीचे दब गये.

चौ. बंसीलाल नागरिक अस्पताल में घायलों का चल रहा इलाज

लोगों ने इस हादसे की सूचना पुलिस को दी. सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मशीन व ट्राली के नीचे दबे घायलों को क्रेनों के जरिए बाहर निकाला. सभी घायलों को भिवानी के चौ.बंसीलाल नागरिक अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने एक साल की बच्ची समेत पांच को मृत घोषित कर दिया. अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश ने बताया कि देर रात 19 लोगों को अस्पताल में लाया गया जिनमें से पांच की मौत हो चुकी थी. एक घायल को रोहतक पीजीआईएमएस रिफर कर दिया गया, जबकि 13 का इलाज चौ. बंसीलाल नागरिक अस्पताल में चल रहा है. घटना के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button