
Jamtara: बीती रात सरस्वती प्रतिमा विसर्जन के दौरान पुलिस के जवानों द्वारा युवकों के साथ कथित रूप से मारपीट करने व जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर गली-गलौज करने के विरोध में शनिवार को मिहिजाम बादोलीगढ़ के युवकों, महिलाओं ने मिहिजाम थाने पर धरना दिया.
लोगों ने डुगडुगी बजाते हुए दोषी पुलिस कर्मियों पर एफआइआर करने व माफी मांगने की मांग की.
युवकों ने बताया कि सुरेन्द्र सोरेन व राजू राय को पुलिस ने मारपीट कर घायल किया है. घर के बाहर रखी तीन मोटरसाइकिलें भी थाने लायी गयी हैं औऱ जाति सूचक शब्दों से गली गलौज किया है. जब तक फैसला नही होता है तब तक हम थाने पर डटे रहेंगे.
लोग थाना प्रभारी को बुलाने की मांग कर रहे थे. इस दौरान पुलिस बलों को भी थाने से निकलने नही दिया जा रहा था. खबर लिखे जाने तक लोग थाने पर ही डटे थे. कोई भी वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे थे.
बता दें कि शुक्रवार देर शाम मां सरस्वती की प्रतिमा विसर्जन के दौरान जुलूस में शामिल युवकों के साथ पुलिस द्वारा मारपीट की गयी व कथित तौर पर जातिसूचक गाली दिये जाने से आक्रोशित आदिवासी युवक एवं युवतियों ने शनिवार शाम को थाने का घेराव किया.
लगभग दो घंटे तक आदिवासियों ने थाने का घेराव किया. इस दौरान पुलिस के कोई वरीय अधिकारी अथवा थाना प्रभारी ने कोई संज्ञान तक नहीं लिया, जिससे घेराव कर रहे लोगों में और भी रोष देखा जा रहा है.
थाने का घेराव कर रहे लोगों ने बताया कि शुक्रवार शाम को बादोलीगढ़ के युवक-युवतियां मां सरस्वती की प्रतिमा का विसर्जन करने जा रहे थे. इसी दौरान थाना के पीछे से गुजर रही सरस्वती की प्रतिमा और विसर्जन में शामिल युवक-युवतियों को साउंड सिस्टम बजाने को लेकर पुलिस ने मनाही की. इसी क्रम में विसर्जन जुलूस में शामिल लोगों और पुलिस के बीच विवाद हो गया.
पुलिस ने विसर्जन में शामिल युवक-युवतियों पर लाठी चलायी जिससे बादोलीगढ़ के रहने वाले राजू राय और सुरेन्द्र सोरेन घायल हो गए.
सूत्रों के अनुसार इस संबंध में थाना प्रभारी रौशन कुमार ने देर शाम प्रदर्शनकारियों से आवेदन लेकर जांच के लिए तीन दिन का समय मांगा है.




