
NewDelhi : कश्मीर पर पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ के आजादी संबधी विचार का समर्थन करने को लेकर कांग्रेस ने शुक्रवार को अपने नेता सैफ़ुद्दीन सोज पर निशाना साधा और कहा कि किताब बेचने के लिए सस्ते हथकंडे अपनाने से यह सत्य नहीं बदलने वाला है कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा है. पार्टी ने कहा कि उसकी जम्मू-कश्मीर इकाई सोज के खिलाफ उचित कार्रवाई करेगी. पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने संवाददाताओं से कहा, किताब अभी सामने नहीं आयी है. लेकिन अगर जो बातें अखबार में छपी हैं वो किताब में हैं तो हम उसे सिरे से खारिज करते हैं. उन्होंने कहा, जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा था, अभिन्न हिस्सा है, और युग युगांतर तक अभिन्न हिस्सा रहेगा. किताब बेचने के लिए अगर कोई सस्ते हथकंडे अपनाता है तो उससे यह सच नहीं बदला जायेगा कि जम्मू कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा है. सुरजेवाला ने कहा कि जम्मू-कश्मीर इकाई सोज के खिलाफ उचित कार्रवाई करेगी.
इसे भी पढ़ें : कांग्रेस की परेशानी बढ़ी, आतंकी संगठन लश्कर ने कहा, आजाद का बयान सही, सेना जम्मू-कश्मीर में जुल्म कर रही है
सुरजेवाला ने भाजपा पर भी निशाना साधा
सुरजेवाला ने इस संबंध में सवाल उठाने पर भाजपा पर भी निशाना साधा. कहा कि यशवंत सिन्हा कश्मीर को लेकर बयान दे रहे हैं, कोई बात नहीं हो रही है. आडवाणी ने जिन्ना की तारीफ की, भाजपा ने पीडीपी के साथ सरकार चलाई. इन लोगों को जम्मू-कश्मीर पर बात करने से पहले खुद से सवाल करने चाहिए. उधर, जम्मू कश्मीर के पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोज ने कहा है कि अपनी किताब में जो बातें उन्होंने लिखी हैं वो उनकी निजी राय है और इनका पार्टी से कोई लेनादेना नहीं है. सोज ने भाषा के साथ बातचीत में कहा, किताब में जो बातें मैंने की वो मेरी निजी राय है. पार्टी से इसका कोई मतलब नहीं है दरअसल, सोज ने अपनी पुस्तक कश्मीर: ग्लिम्पसेज ऑफ हिस्ट्री एंड द स्टोरी ऑफ स्ट्रगल में परवेज मुशर्रफ के उस बयान का भी समर्थन किया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर वोटिंग की स्थितियां होती हैं तो कश्मीर के लोग भारत या पाक के साथ जाने की बजाय अकेले और आजाद रहना पसंद करेंगे. गुलाम नबी आजाद के एक बयान पर सुरजेवाला ने कहा कि आजाद ने सिर्फ यह कहा है कि सैन्य अभियान के दौरान आम नागरिकों को कम से कम नुकसान होना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि इस देश के सुरक्षा बल आतंकवादियों और माओवादियों को मुंहतोड़ जवाब देते आये हैं और आगे भी देते रहेंगे.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




