National

कोलकाता पुल हादसे में तीन हुई मृतकों की संख्या

Kolkata : कोलकाता के दक्षिणी हिस्से में माजेरहाट पुल का एक हिस्सा ढहने के बाद उसके मलबे में से गुरूवार को एक और शव निकाला गया जिसके बाद इस हादसे में मृतकों की संख्या तीन हो गयी है. एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि मृतक की पहचान मुर्शिदाबाद जिला निवासी श्रमिक गौतम मंडल (45) के तौर पर की गयी है जो मंगलवार को पुल ढहने के बाद से एक और मजदूर प्रणब डे के साथ लापता था.

घटना में 24 लोग हुए थे घायल

उन्होंने कहा कि मंडल माजेरहाट पुल के पास चल रही मेट्रो रेल विस्तार परियोजना में रसोइये के रूप में काम करता था. परियोजना के लिए इलाके में खुदाई की गयी है और चारों तरफ निर्माण सामग्री बिखरी पड़ी है. इससे पहले बुधवार को सौमन बाग का शव मिला था. घटना में घायल 24 लोगों में से 11 को बुधवार को छुट्टी दे दी गयी 13 का विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है. मंडल का शव मिलने के बाद एनडीआरएफ के जवान घटनास्थल से चले गये वहीं राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के कर्मियों ने क्रेन आदि के साथ दुर्घटना स्थल पर बचाव कार्य जारी रखा.

2013 के बाद से शहर में पुल ढहने की तीसरी घटना

एनडीआरएफ के एक अधिकारी ने कहा कि हम अपना अभियान बंद कर रहे हैं क्योंकि अब लगता है कि अंदर कोई नहीं है. राज्य सरकार ने घटना के कारणों की जांच करने के लिए मुख्य सचिव मलय डे के नेतृत्व में समिति का गठन किया है. डायमंड हार्बर रोड को बंद कर दिया गया है और सुबह से हजारों लोग भारी यातायात जाम में फंसे हैं. कोलकाता पुलिस के यातायात विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि हमने शहर में आने वाले और यहां से जाने वाले वाहनों को अन्य रास्तों पर मोड़ दिया है. पुलिस ने हादसे के सिलसिले में अज्ञात लोगों के खिलाफ स्वत: संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया है. यह 2013 के बाद से शहर में पुल ढहने की तीसरी घटना है.

Related Articles

Back to top button