Uncategorized

नगर निकाय चुनाव : डीसी साहब ! आपके कैंपस में हो रहा है आदर्श आचार संहिता का उल्‍लंघन

” एक पुरानी कहावत है, अगर चोरी करके बचना हो तो कोतवाली के पीछे छिप जाओ. झारखंड में नगर निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी हो गई है. आदर्श आचार संहिता लागू है. उम्मीदवारों और राजनीतिक पार्टियों के लिए कई प्रकार के विधि-निषेध तय किये गए हैं. इसके बावजूद राजधानी रांची के ऐसे इलाके में खुल्लमखुल्ला आचार संहिता का उल्लंघन हो रहा है, जहां जिले के अधिकांश वरीय पदाधिकारियों का दफ्तर भी है. हैरानी इस बात पर है कि जब उपायुक्त कार्यालय के आसपास कोड ऑफ कंडक्ट की धज्जियां उड़ रही हैं तो अन्य इलाकों की कौन पूछे “

 

Ranchi : झारखंड में 12 मार्च को शाम चार बजे स्‍थानीय नगर निकाय चुनाव की घोषणा की गई थी. उसी के साथ पूरे राज्‍य में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई. इसके तहत राजधानी रांची में करीब सभी रानीतिक दलों के द्वारा शहर के चौक चौराहों पर पहले से लगाये गये होर्डिंग्‍स और बैनर हटा लिये गये. वहीं शहर में झारखंड सरकार की उपलब्धियों का बखान करने वाले बड़े-बड़े होंर्डिंग्‍स अब भी जिला प्रशासन कैंपस में नजर आ रहे हैं. यहां चार पुराने होर्डिंग्‍स लगे हैं. पहला होर्डिंग श्रावणी मेला को लेकर है, इसमें मुख्‍यमंत्री रघुवर दास की बड़ी सी तस्‍वीर है. दूसरा होर्डिंग वन महोत्‍सव को लेकर है. तीसरा होर्डिंग रघुवर सरकार के तीन साल पूरे होने पर है, जिसमें लिखा है देश का इकलौता राज्‍य जहां सिर्फ एक रुपये में महिलाओं के लिए रजिस्‍ट्री होती है. इसमें रघुवर सरकार का नारा ‘हो रहे हैं सपने साकार… ये है रघुवर सरकार…’ लिखा हुआ है. इसी तरह चौथे पोस्‍टर में भूमिहीन और बेघरों के लिए गरीबों के भूमि अधिकार से जुड़ा विज्ञापन होर्डिंग है.

रर

इसे भी देखें-  दीपक तले अंधेर : डिप्टी मेयर के वार्ड में सड़क-पानी नहीं, गंदगी से हलकान लोग

अभी भी बैनर, होर्डिंग्स से पटी है राजधानी

इसके साथ-साथ सत्‍ताधारी दल भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं के रामनवमी को लेकर शुभकामना के होर्डिंग्‍स हरमू रोड, डोरंडा, अल्‍बर्ट एक्‍का चौक आदि जगहों पर नजर आ रहे हैं. डोरंडा में भाजपा विधायक नवीन जायसवाल का एक होर्डिंग है, जिसमें वो होली, सरहुल और रामनवमी की शुभकामनाएं दे रहे हैं. इस होर्डिंग में पीएम मोदी, अमित शाह, भाजपा अध्‍यक्ष लक्ष्‍मण गिलुआ, सीएम रघुवर दास और भाजपा का चुनाव चिन्‍ह ‘कमल’ भी है. इसी तरह भाजपा कार्यालय से आगे भाजपा के दो होर्डिंग्‍स लगे हुए हैं. इसमें लाल धर्मराज नाथ शाहदेव की ओर से त्‍योहारों की शुभकामनाएं दी गई हैं. होर्डिंग्‍स में लाल धर्मराज नाथ शाहदेव के साथ-साथ भाजपा के केंद्रीय नेताओं और प्रदेश नेताओं की तस्‍वीरें हैं.  

पोस्टर

प्रशासन को कार्रवाई के लिए किसी के शिकायत का इंतजार

इस पूरे मामले पर रांची उपायुक्‍त सह जिला निर्वाचण पदाधिकारी रे महिपत रॉय ने बताया कि इस संबंध में रांची एसडीओ को दंडाधिकारी बनाया गया है, इसलिए वही बेहतर बता पायेंगी. रांची एसडीओ अंजली यादव ने बताया कि नगर निकाय चुनाव की घोषणा के बाद चुनावी क्षेत्र में धारा 144 लगी हुई है. रांची में अभी भी राजनीतिक दलों के पोस्‍टर और होर्डिंग्‍स लगे हुए हैं, इसकी जानकारी भी नहीं है. अगर इस तरह की कोई शिकायत मिलती है तो कार्रवाई की जायेगी. अभी तक इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की गई है.

इसे भी देखें- मरीज की मौत पर हंगामा, परिजनों ने अस्पताल में ऑक्सीजन नहीं होने का लगाया आरोप

बैनर, पोस्‍टर और होर्डिंग्‍स को लेकर क्‍या कहती है आदर्श आचार संहिता

– नगर निकाय के आदर्श आचार संहिता में यह स्‍पष्‍ट है कि सत्‍तारूढ दल/सरकार अपनी उपलब्धियों के बारे में सार्वजनिक कोष के व्‍यय पर कोई विज्ञापन जारी न करे. ऐसा कोई पोस्‍टर, इश्‍तेहार, पैम्‍पलेट या परिपत्र निकालना जिसमें मुद्रक और प्रकाशक का नाम और पता न हो. ऐसा करना आदर्श आचार संहिता के अनुसार अपराध माना गया है और कानूनी कार्रवाई की बात कही गई है.

– किसी भी अभ्‍यर्थी/राजनीतिक दल द्वारा किसी भी व्‍यक्ति की भूमि, भवन, अहाते या दीवार का उपयोग झंडा टांगने, पोस्‍टर चिपकाने, नारे लिखने आदि प्रचार कार्यों के लिए उसकी लिखित अनुमति के बगैर नहीं किया जाना चाहिए और अपने समर्थकों एवं कार्यकर्ताओं को भी ऐसा नहीं करने देना चाहिए.

न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button