
Bhuvaneshwar: पीएम मोदी मंगलवार को ओडिशा के दौरे पर रहेंगे. हालांकि उनके दौरे से पहले ही कई तरह के विवाद शुरु हो गए. पहले अस्थायी हेलीपैड बनाने को लेकर पेड़ों की कटाई का विवाद, अब पीएम के कार्यक्रम से सीएम की दूरी की बात. ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राज्य के एक दिवसीय दौरे के दौरान उनके आधिकारिक कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लेंगे. हालांकि इसके पीछे राज्य सरकार के कार्यक्रमों में व्यस्तता की बात कही जा रही है.
कई योजनाओं की मोदी करेंगे शुरुआत
ज्ञात हो कि प्रधानमंत्री पश्चिमी ओडिशा के बलांगीर की यात्रा के दौरान आधारभूत संरचना विकास, संपर्क और व्यापार में सहूलियत पर कई परियोजनाएं शुरू करेंगे. मोदी झारसुगुडा में मल्टी मोडल लॉजिस्टिक्स पार्क (एमएमएलपी) और बलांगीर-बिचुपाली के बीच नयी रेल लाइन का उद्घाटन करेंगे.
आधिकारिक कार्यक्रम के बाद मोदी के बलांगीर में सुबह पौने बारह बजे एक जनसभा को संबोधित कर सकते हैं.
हालांकि, पटनायक राज्य सरकार के ‘कृषि ओडिशा’ कार्यक्रम में व्यस्त रहने की वजह से प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लेंगे. पटनायक को बैठक में किसानों को संबोधित करना है.
उल्लेखनीय है कि बीजेपी की कोशिश इस बार पूर्वी क्षेत्र में अपनी ताकत को बढ़ाने पर है. इस मिशन में पार्टी की सबसे पहले नजर ओडिशा पर है, क्योंकि यहां लोकसभा चुनाव के साथ-साथ ही विधानसभा चुनाव होने हैं. ज्ञात हो कि पिछले एक महीने में प्रधानमंत्री तीन बार ओडिशा जा चुके हैं.




