
New Delhi : सरकार ने मंगलवार को बताया कि मादक पदार्थ एवं शराब के सेवन एवं इससे प्रभावित लोगों के बारे में कोई भरोसेमंद आंकड़ा नहीं है, ऐसे में सरकार इस मुद्दे पर राष्ट्रीय सर्वेक्षण करा रही है जिसके आंकड़े अगले वर्ष मार्च में प्रकाशित होने की संभावना है. लोकसभा में सदस्यों के पूरक प्रश्नों के उत्तर में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री थावर चंद गहलोत ने कहा कि इस सर्वेक्षण के लिये 21 करोड़ रूपये का कोष आवंटित किया गया है. उन्होंने कहा कि मादक पदार्थो के प्रभाव से छुटकारा प्राप्त करने के लिये ऐसे केंद्रों में आने वाले लोगों की संख्या में वृद्धि दर्ज की गई है और काफी संख्या में लोगों को उपचार का लाभ प्राप्त हुआ है.
एक प्रश्न के लिखित उत्तर में मंत्री ने कहा कि मादक पदार्थो से प्रभावित लोगों की संख्या, पैटर्न और चलन के बारे में पिछला सर्वेक्षण साल 2000-01 में कराया गया था. इस बारे में रिपोर्ट साल 2004 में प्रकाशित हुई थी और इसके अनुसार मादक पदार्थ और शराब से प्रभावित लोगों की अनुमानित संख्या 7.32 करोड़ थी. सर्वेक्षण में 12 से 60 वर्ष आयु के 40,697 पुरूषों को शामिल किया गया था.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




