News Wing
Jamtara, 05 October: जिलेभर में लक्खी पूजा गुरूवार को धूमधाम से मनाया गया. शहर में दर्जनों स्थानों पर मां की प्रतिमा स्थापित कर लोगों ने पूजा-अर्चना की. शहर स्थित सभी दुर्गा मंदिरों में भी मां की प्रतिमा स्थापित की गई है. जबकि स्थानीय रेलवे स्टेशन परिसर एवं हटिया शिवमंदिर परिसर में भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है.
स्टेशन परिसर में 1946 से ही रेलकर्मियों द्वारा पूजा की जा रही
शहर में सबसे पुराना लक्खी पूजा उत्सव का आयोजन स्टेशन परिसर में किया जाता है. यहां 1946 से ही रेलकर्मियों द्वारा पूजा की जा रही है. प्लेटफार्म संख्या एक के बाहर स्थित पार्क में आकर्षक पंडाल में प्रतिमा स्थापित की गई है. यहां मेले का भी आयोजन किया गया है. हटिया शिवमंदिर में भी भव्य प्रकाश से सजावट की गई है. जो लोगों के लिए आकर्षण का केन्द्र बना हुआ है.
विशेष खिचड़ी का भोग
शहर स्थित गांधी मैदान कायस्तपाड़ा कोर्ट रोड जैसे स्थानों में विशेष खिचड़ी के भोग का आयोजन किया गया. जहां श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया. यह पूजा दुर्गापूजा के बाद होती है. पूजा को लेकर महिलाओं ने उपवास रखा. कई स्थानों पर पूजा पंडाल का निर्माण कराया गया. जबकि शहर के सभी दुर्गा पूजा पंडालों में देवी लक्खी की पूजा की गई.
मेला का आयोजन
बंगला परिवार में देवी की पूजा को लेकर काफी उत्साह देखने को मिला. साथ ही कॉलोनी को आकर्षक ढंग से सजाया गया. पूजा को लेकर मेला का आयोजन किया गया. मेले में तरह-तरह की दुकानें सजी हैं. शाम में यहां काफी भीड़ उमड़ी. लोगों ने चाट पकौड़े का आनंद लिया. यहां देवी पूजन के दौरान देवी को भोग के रूप में खिचड़ी चढ़ाया गया. जिसके बाद भोग के प्रसाद का वितरण पूजा समिति द्वारा श्रद्धालुओं के बीच किया गया.
महिलाएं और लड़कियां रखती हैं उपवास
महिलाएं अपने पति की सलामती के लिए उपवास रखती हैं. जबकि कुंवारी कन्याएं अच्छे वर और परिवार की प्राप्ति के लिए मां लक्खी का व्रत करती हैं.




