
Jammu: शोपियां में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ में एक जवान शहीद हो गया. सेना की 34RR, SOG और CRPF की संयुक्त टीम शोपियां के पंडुशन इलाके में घेराबंदी कर सर्च अभियान चला रही थी. इस दौरान सुरक्षाबलों ने लगभग तीन आतंकियों को घेर लिया था.
लगातार दूसरे दिन हुई मुठभेड़
गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर में पिछले कुछ दिनों से लागातार सुरक्षाबलों के द्वारा अलग-अलग इलाकों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है. इसी सिलसिले में शोपियां में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच लगातार दूसरे दिन मुठभेड़ हुई.
गुरुवार को भी मुठभेड़ हुई थी जिसमें सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को मार गिराया था. वहीं बांदीपोरा जिले के गुरेज सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास घुसपैठ कर रहे तीन आतंकियों को सुरक्षाबलों ने मंगलवार देर रात मार गिराया था.
कश्मीर में सुरक्षाबलों की 280 से अधिक कंपनियां तैनात
कश्मीर में सुरक्षाबलों की 280 से अधिक कंपनियां तैनात की जा रही हैं. आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को यह जानकारी दी. सूत्रों ने कहा कि सुरक्षा बलों को शहर के अतिसंवेदनशील इलाकों और घाटी की अन्य जगहों पर तैनात किया जा रहा है. इनमें अधिकतर सीआरपीएफ कर्मी हैं.
सूत्रों ने कहा कि इस तरह अचानक 280 से अधिक कंपनियों (28,000 सुरक्षा कर्मियों) को देर शाम तैनात किये जाने का कोई कारण नहीं दिया गया है. उन्होंने कहा कि शहर में प्रवेश और बाहर निकलने के सभी रास्तों को केन्द्रीय सशस्त्र अर्धसैनिक बलों को सौंप दिया गया है. स्थानीय पुलिस की महज प्रतीकात्मक उपस्थिति है.
अधिकारियों ने कहा कि कुछ छिटपुट धर्मस्थलों से सुरक्षा हटा ली गई है क्योंकि खुफिया जानकारी मिली थी कि विदेशी आतंकवादी वहां पुलिस कर्मियों को निशाना बनाने की योजना बना रहे हैं. उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों में पहले ही गर्मी की छुट्टी की घोषणा कर दी गई है और वे गुरुवार से दस दिन तक के लिये बंद रहेंगे.
उन्होंने कहा कि अमरनाथ यात्रा के लिये कुछ लंगरों को भी बंद कर दिया गया है. स्थानीय निवासी घबराए हुए हैं और उन्होंने कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका के मद्देनजर जरूरी सामान खरीदना शुरू कर दिया है.




