
NewDelhi : ग्रेटर कश्मीर अखबार के लिए काम करने वाले कश्मीरी पत्रकार इरफान आमिन मलिक को पुलिस ने बुधवार देर रात पुलवामा जिले के त्राल क्षेत्र से गिरफ्तार किया. उन्हें रात 11 बजे सुरक्षा बलों ने गिरफ्तार कर लिया, मलिक की मां हसीना जान ने यह जानकारी दी है. हालांकि गिरफ्तारी क्यों की गयी, पुलिस दो दिन बाद भी इसका जवाब नहीं दे पा रही है. जान लें कि जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाये जाने के बाद राज्य से किसी पत्रकार की यह पहली गिरफ्तारी है. हसीना जान ने कहा किसुरक्षा बल जबरन हमारे घर में घुसे और मुझसे मेरे बेटे के बारे में पूछने लगे, कहा कि मेरी किसी बात को सुने बिना ही वह मेरे बेटे इरफान को उठा ले गये. हमने पुलिस स्टेशन , त्राल गये. द वायर के अनुसार अवंतीपोरा के एक पुलिस अधिकारी ने मलिक की गिरफ्तारी की पुष्टि की, लेकिन यह नहीं बताया कि उन्हें किस कारण से गिरफ्तार किया गया है.
जिला प्रशासन गिरफ्तारी की वजह नहीं बता रहा है
इसके बाद इरफान मलिक के पिता मोहम्मद आमिन और उनकी मां ने इस घटना की सूचना श्रीनगर में मीडिया के लिए बने सुविधा केंद्र में दी. उन्होंने मीडिया को अपने बेटे की गिरफ्तारी की जानकारी दी. पत्रकार की मां के अनुसार वह गुरुवार, 15 अगस् की सुबह अवंतीपोरा के पुलिस अधीक्षक ताहिर सलीम से मिलने पहुंची. मां के अनुसार हमें बेटे से मिलने दिया गया लेकिन न तो पुलिस और न ही जिला प्रशासन हमें गिरफ्तारी की वजह बता रहा है. हम पूरी तरह से परेशान हो चुके हैं. कहा कि घाटी में लगे प्रतिबंध की वजह से हम किसी से संपर्क नहीं कर पा रहे हैं. हमें कुछ अधिकारियों से मिलने के लिए कहा गया था लेकिन वह अपने कार्यालय में मौजूद नहीं थे. मुझे अपने बेटे की बहुत चिंता हो रही है.
द वायर ने जब जम्मू-कश्मीर के असिस्टेंट डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (लॉ एंड ऑर्डर) मुनीर खान से जानकारी मांगी तो उन्होंने कहा कि वह इस बारे में अधिकारियों से जानकारी लेंगे और परिवार को सूचित करेंगे. जम्मू कश्मीर के प्रधान सचिव रोहित कंसल ने कहा कि मुझे उनकी गिरफ्तारी की जानकारी मिली है. हम पुलिस से इस मामले में जानकारी लेंगे और फिर मीडिया को बतायेंगे.




