News Wing
Patna, 18 November: पटना पुलिस की विशेष टीम ने शुक्रवार को पटना हाईकोर्ट की मिरर साइट यानी हूबहू एक जैसी दिखने वाली वेबसाइट बनाकर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया. गिरोह के मास्टरमाइंड रविनेश कुमार सिन्हा (25 वर्ष) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी सिविल कोर्ट के अधिवक्ता अशोक कुमार सिन्हा का बेटा है. वहीं आरोपी के पास से पुलिस ने लैपटॉप, दो मोबाइल और सिम कार्ड जब्त किए हैं. फिलहाल रविनेश के साथियों की तलाश में छापेमारी चल रही है. बता दें कि ठगी के शिकार एक युवक ने पटना के एसएसपी मनु महाराज से मिलकर एक कंप्लेन की थी. जिसके बाद कोतवाली थाना में एफआईआर दर्ज किया गया था.
राजीव नगर से पुलिस टीम ने शातिर रविनेश को किया गिरफ्तार
आरोपी को पकड़ने के लिए कोतवाली थाना की पुलिस टीम के साथ स्पेशल सेल में तैनात आॅफिसर्स को भी लगाया गया था. पटना के राजीव नगर से पुलिस टीम ने शातिर रविनेश को धर दबोचा. करीब 7 महीने पहले रविनेश ने हुबहु पटना हाईकोर्ट के नाम से एक फर्जी वेबसाइट बनाया था. पटना हाईकोर्ट का ओरिजनल वेबसाइट patnahighcourt.gov.in है. जबकि शातिर रविनेश ने patnahighcourt.org के नाम से फर्जी वेबसाइट बनाया था.
हाईकोर्ट के ओरिजनल वेबसाइट पर नहीं है पैनल लिस्ट
रविनेश ने जो डुप्लीकेट वेबसाइट बनाया था, उसमें होम पेज पर पैनल लिस्ट नाम का एक आॅप्शन है. जिसे क्लिक करने पर आॅनलाईन वेकेंसी अप्लाई कर चुके कैंडिडेट का नाम और डेट आॅफ बर्थ मांगा जाता था. इसके बाद नौकरी पक्का होने की जानकारी दी जाती थी. इसी आधार पर सरकारी नौकरी की चाह रखने वाले हर एक कैंडिडेट से हजारों रुपए की ठगी की जाती थी. जबकि पटना हाईकोर्ट के ओरिजनल वेबसाइट के होम पेज पर पैनल लिस्ट नाम का कोई आॅप्शन नहीं है.
अलग-अलग एजेंसियों व कंपनियों के नाम से करता था ठगी
अनजान लोगों को ओरिजनल और डुप्लीकेट वेबसाइट के बीच का फर्क जरा भी पता नहीं चलेगा. क्योंकि दोनों के डिजाइन, कलर और लिखने का तरीका एकदम मिलता-जुलता है. डुप्लीकेट वेबसाइट के जरिए रविनेश के द्वारा पटना हाईकोर्ट में क्लर्क और दूसरे पोस्ट के लिए आॅनलाईन वैकेंसी निकाली जाती थी. पुलिस को दिए बयान में रविनेश ने इस बात को कबूल किया है. पटना हाईकोर्ट के अलावे भी उसने अलग-अलग एजेंसियों व कंपनियों के नाम से करीब 6-7 डुप्लीकेट वेबसाइट बना रखा है.
अभिषेक की तलाश मेंं जुटी पुलिस
फर्जीवाड़ा के इस खेल में रविनेश अकेले नहीं है. 5-6 लोगों का उसका एक गैंग है. गैंग में इसके अलावे अभिषेक यादव मेन लीडर है. एसएसपी मनु महाराज के अनुसार ‘वेन आईटी सॉल्यूशन’ के नाम से इन शातिरों ने कंपनी बना रखी है. इनका आॅफिस आशियाना नगर में है. गैंग में शामिल बाकि शातिरों की तलाश शुरू कर दी गई है.




