
NewDelhi : आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मौलाना अब्दुल रऊफ असगर ने पाकिस्तान के कराची में एक रैली में कहा कि अगले साल पांच फरवरी आते-आते दिल्ली दहला देंगे. पाकिस्तान के कराची में जैश में नयी भर्ती किये गये लोगों और मारे गये आतंकियों के रिश्तेदारों की रैली में मौलाना मसूद अजहर के छोटे भाई और जैश-ए-मोहम्मद का सरगना मौलाना रऊफ असगर द्वारा कश्मीर की पहाड़ियों आगे भारत के अन्य हिस्सों में जंग का ऐलान किये जाने की खबर है. करांची में मंगलवार को आयोजित रैली को संबोधित करते हुए मौलाना रऊफ असगर दिख रहा है कि अगले पांच फरवरी को जब हम एक बार फिर कश्मीर सॉलिडरिटी डे मनायेंगे तब तक दिल्ली दहल चुकी होगी. खबरों की मानें तो इस रैली से जैश-ए-मुहम्मद के फिदाइनों की सात टीमें मंगलवार को भारत के विभिन्न शहरों के लिए रवाना कर दी गयी. खबरों के अनुसार दिसंबर 2018 में जैश का टॉप ट्रेनर कमांडर अब्दुल रशीद गाजी जम्मू-कश्मीर में घुसने में कामयाब रहा है.
आतंकी घटनाएं अब्दुल रशीद गाजी के प्लान का हिस्सा
खुफिया एजेंसियों ने सुरक्षा एजेंसियों को गाजी के घुसपैठ के बारे में पहले ही अलर्ट कर दिया है और पिछले दो महीनों में घाटी में बढ़ी आतंकी घटनाएं अब्दुल रशीद गाजी के प्लान का हिस्सा बताई जा रही हैं. बता दें कि जैश कमांडर अब्दुल रशीद गाजी अफगानिस्तान में तालिबानियों के साथ मिलकर लड़ चुका है. और जम्मू-कश्मीर में दाखिल होने से पहले पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में जैश के ट्रेनिंग कैंप में चीफ इंस्ट्रक्टर रह चुका है. गाजी जैसे दुर्दांत आतंकी के कश्मीर में दाखिल होने के बाद से घाटी में आतंकी घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है और देश में उसकी मौजूदगी सुरक्षाबलों के लिए परेशानी का सबब बन सकती है.
बता दें कि कुछ महीने पहले खुफिया एजेंसियों ने अलर्ट जारी किया था कि जैश-ए-मोहम्मद और हिज्बुल मुजाहिद्दीन के आतंकी घाटी छोड़कर देश के मैदानी इलाकों में बड़ी आतंकी घटनाओं को अंजाम देने की फिराक में है. एजेंसियों ने अपने अलर्ट में कहा था कि सीमा से आये आतंकी चुनाव के समय में रैलियों और बड़े नेताओं को निशाना बना सकते हैं.
इसे भी पढें : प्रियंका गांधी की एंट्री से यूपी में लगेगा सपा-बसपा को झटका, एनडीए को फायदा : सर्वे




