Uncategorized

J-K: सोनमर्ग में बर्फीले तूफान की चपेट में आया आर्मी कैंप, 1 जवान की मौत, 4 लापता

कश्मीर के गांदरबल जिले के सोनामार्ग इलाके में स्थित सेना के एक शि‍विर में बर्फबारी से एक जवान की मौत की खबर है, जबकि चार अन्य जवान लापता हैं। दूसरी तरफ, कुपवाड़ा जिले में स्थति तुलेल में बर्फीला तूफान आने से चार लोगों के उसके नीचे दबकर मर जाने की खबर है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कुपवाड़ा में एक ही परिवार के कुल पांच लोग बर्फ के नीचे दब गए थे, जिनमें से महज एक को बचाया जा सका है। चारों के शव निकाल लिए गए हैं।

तड़के करीब 4:30 बजे बर्फ के नीचे दबकर मारे गए लोगों की पहचान हबीबुल्ला (50 साल), अजीजी (48 साल), गुलशन बानो (19 साल) और इरफान (17 साल) के रूप में हुई है. इस परिवार का सिर्फ एक व्यक्ति जिंदा बचा है, 18 वर्षीय रियाज।

गौरतलब है कि कश्मीर में भारी बर्फबारी हो रही है और मौसम बेहद खराब हो गया है। मंगलवार शाम को ऐसे बर्फीले तूफान आने की चेतावनी पहले ही जारी की जा चुकी थी। बर्फीले तूफान से प्रभावित पूरे इलाके में बचाव कार्य किया जा रहा है।

एक अन्य घटना में कश्मीर के ही गूरीपोर बोमाई में एक मकान पर चिनार का पेड़ गिर गया जिससे मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। मकान में रहने वाले लोग बाल-बाल बच गए हैं।

कश्मीर घाटी में भारी बर्फबारी से सामान्य जीवन अस्तव्यस्त हो गया है और इसका बाहरी दुनिया से सड़क, रेल और हवाई संपर्क पूरी तरह से टूट गया है। श्रीनगर-जम्मू राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। श्रीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सभी तरह की उड़ाने मंगलवार से निलंबित कर दी गई हैं, क्योंकि विजिबिलिटी बहुत खराब है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि घाटी में गुरुवार तक बर्फबारी हो सकती है।
(स्रोत : आजतक)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button