Uncategorized

Indian टेस्ट टीम में पांड्या का पदार्पण, इशांत की वापसी

मुंबई: इंग्लैंड के खिलाफ अगले सप्ताह शुरू हो रही टेस्ट श्रृंखला के शुरुआती दो मैचों के लिए बुधवार को भारतीय टीम की घोषणा कर दी गई। न्यूजीलैंड के खिलाफ बीती श्रृंखला में प्रभावित करने वाले हरफनमौला खिलाड़ी हार्दिक पांड्या को जहां टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण का मौका दिया गया है, वहीं चोट के चलते सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा को बाहर बैठना पड़ा है।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने बुधवार को इसकी घोषणा की।

रोहित के अलावा चोट से उबर न पाने के कारण लोकेश राहुल और शिखर धवन को भी टीम में शामिल नहीं किया जा सका है।

बीसीसीआई के मुख्य चयनकर्ता एम. एस. के. प्रसाद ने टीम की घोषणा करते हुए बताया, “आप सभी को पता ही है कि रोहित गंभीर रूप से चोटिल हुए हैं। उन्हें सर्जरी भी करानी पड़ सकती है।”

न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला से लंबे अंतराल के बाद अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करने वाले अनुभवी बल्लेबाज गौतम गंभीर को टीम में कायम रखा गया है, वहीं दिल्ली के तेज गेंदबाज इशांत शर्मा ने भी वापसी की है।

चिकनगुनिया से पीड़ित होने के कारण इशांत न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला के लिए चुने जाने के बावजूद खेल नहीं पाए थे।

न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी एकदिवसीय से अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने वाले स्पिन गेंदबाज जयंत यादव को भी टेस्ट पदार्पण का मौका दिया गया है।

न्यूजीलैंड के खिलाफ कोलकाता टेस्ट के दौरान चोटिल हुए तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार स्वस्थ तो हो चुके हैं, लेकिन उन्हें टीम में जगह नहीं दी गई है।

पांड्या को टेस्ट पदार्पण का मौका दिए जाने पर प्रसाद ने कहा, “पांड्या तेज गति से गेंदबाजी कर रहा है और गेंद को स्विंग कराने में भी सफल रहा है। बल्लेबाजी में भी उसके प्रदर्शन में निखार आया है। इतना ही नहीं बतौर इंसान उसके स्वभाव में भी नम्रता आई है। टीम के लिए वह शानदार हरफनमौला साबित हो सकता है।”

उन्होंने आगे कहा, “राहुल द्रविड़ ने पांड्या के मानसिक खेल पर भी काफी काम किया है। अब अनिल कुंबले उनका मार्गदर्शन कर रहे हैं। हमारे पास तीन हरफनमौला खिलाड़ी हैं, स्टुअर्ट बिन्नी, हार्दिक पांड्या और ऋषि धवन। बीती श्रृंखला में हार्दिक की गेंदबाजी और बल्लेबाजी बिन्नी से बेहतर रही। फॉर्म और फिटनेस को देखते हुए हार्दिक सबसे बेहतर विकल्प हैं।”

इंग्लैंड के खिलाफ पहला टेस्ट मैच नौ से 13 नवम्बर के बीच राजकोट में और दूसरा टेस्ट 17 से 21 नवम्बर के बीच विशाखापट्टनम में खेला जाएगा।

भारतीय टीम :

विराट कोहली (कप्तान), रविचंद्रन अश्विन, गौतम गंभीर, रवींद्र जडेजा, अमित मिश्रा, मोहम्मद समी, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, रिद्धिमान साहा, करुण नायर, मुरली विजय, उमेश यादव, हार्दिक पांड्या, इशांत शर्मा और जयंत यादव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button