Uncategorized

पंजाब में सिख प्रदर्शनकारियों, पुलिस के बीच झड़प, 2 मरे

पंजाब में सिख प्रदर्शनकारियों, पुलिस के बीच झड़प, 2 मरेचंडीगढ़ : पंजाब के फरीदकोट जिले के कोटकपूरा में बुधवार को पवित्र किताब के कथित अपमान से नाराज सिख प्रदर्शनकारियों की पुलिस के साथ झड़प में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई, जबकि लगभग 70 अन्य घायल हो गए। सूत्रों ने कहा कि कोटकपूरा के निकट बेहबल कलान इलाके में पुलिस व प्रदर्शनकारियों ने एक दूसरे पर गोलियां चलाईं, जिसके परिणामस्वरूप दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।

प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज और पानी की तेज बौछारें की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर ईंट-पत्थर फेंके।

झड़प बुधवार को चंडीगढ़ से करीब 230 किलोमीटर दूर कोटकपूरा कस्बे के मुख्य चौराहे पर उस वक्त हुई, जब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के नेताओं को गिरफ्तार करने की कोशिश की।

प्रदर्शनकारी मोगा और बठिंडा शहर की ओर जाने वाले राजमार्गो को अवरुद्ध करने का प्रयास कर रहे थे।

घायलों में प्रदर्शनकारी और 30 पुलिसकर्मी शामिल हैं, जिन्हें इलाज के लिए एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।

प्रदर्शनकारी कोटकपूरा से 15 किलोमीटर दूर बरगरी गांव में हुए गुरु ग्रंथ साहिब की एक ‘बीर’ (पवित्र किताब) के कथित अपमान के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन करने के लिए सोमवार से कोटकपूरा शहर में डेरा डाले हुए थे।

कोटकपूरा इलाके में सोमवार को गुरुद्वारे के करीब सिखों की पवित्र किताब के 100 से अधिक पन्ने बिखरे पड़े मिलने से तनाव बढ़ गया।

यह किताब जून में एक गुरुद्वारे से चोरी हुई थी।

सोशल मीडिया पर गं्रथ के अपमान के बारे में संदेशों को लेकर कोटकपूरा के आसपास के इलाकों में बुधवार सुबह माहौल तनावग्रस्त हो गया।

मोगा जिले में मंगलवार को बुत्तर कलां गांव में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प में कई लोग घायल हो गए थे। पुलिस ने मंगलवार को कोटकपूरा में करीब 200 प्रदर्शनकारियों की घेराबंदी की, लेकिन बाद में उन्हें रिहा कर दिया।

पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने लोगों से शांति बनाए रखने का अनुरोध किया है।

पवित्र किताब के अपमान की जांच के लिए मुख्यमंत्री ने पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) के गठन की घोषणा की।

लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता तथा पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने बुधवार को कोटकपूरा के निकट पुलिस गोलीबारी में दो लोगों की मौत की निंदा की।

अमरिंदर ने कहा, “मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल का चीजों पर से नियंत्रण खत्म हो गया है और राज्य अराजकता की ओर बढ़ रही है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button