
Ranchi: 20 दिसंबर से 4 जनवरी तक रांची के मोरहाबादी मैदान में खादी एवं सरस मेला का आयोजन किया जाएगा. मेला 17 दिवसीय और भव्य होगा. इसमें झारखंड के अलावा देश-विदेश के भी स्टॉल लगेंगे. मेले के विधि व्यवस्था और तैयारी को लेकर समाहरणालय कक्ष में रांची उपायुक्त के निर्देश के अनुसार डीआरडीए निदेशक संगीता लाल की अध्यक्षता में बैठक की गयी. बैठक में मुख्य रुप से सरस मेला में हिस्सा लेने वाले लोंगों के ठहरने की व्यवस्था, मेला परिसर में पेयजल, बिजली, चिकित्सा, अग्निशमन एवं पार्किंग की व्यवस्था पर चर्चा की गयी. इस बैठक में खादी बोर्ड के प्रतिनिधि, सरस बोर्ड के प्रतिनिधि सहित जिले के वरीय पदाधिकारी मौजूद थे.
इस खादी बोर्ड हर साल करता है नया प्रयोग
मोरहाबादी में आयोजित होने वाले खादी एवं सरस मेला का आयोजन भव्य होता है. पिछले कई सालों से खादी बोर्ड इसका आयोजन करता आ रहा है. मेले में देश-विदेश और गांव से आए लोगों के लिए स्टॉल की व्यवस्था की जाती है. ग्रामीण कला को भी यहां आसानी से बाजार मिल जाता है. साथ ही अच्छे दाम भी मिलते हैं. 17 दिवसीय इस आयोजन में कैशलेस व्यवस्था भी की गयी थी. साथ ही इस खादी बोर्ड हर साल नया प्रयोग भी करता रहा है.
हर विभाग को जारी किये गये हैं निर्देश
डीआरडीए निदेशक संगीता लाल ने स्वास्थ्य विभाग से आये प्रतिनिधि को मेला परिसर मे मेडिकल कैम्प और चलन्त चिकित्सक वाहन के साथ मेडिकलकर्मी प्रतिनियुक्त करने को कहा है. नगर निगम के प्रतिनिधि को साफ-सफाई के साथ चलन्त शौचालय एवं पेयजल की व्यवस्था करने, बैंक से आये प्रतिनिधि को परिसर में कैशलेश एवं पीओएस मशीन की व्यवस्था करने को कहा. जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी को मेला से संबंधित प्रेस विज्ञप्ति एवं मेला के प्रचार-प्रसार हेतु फ्लैक्स होर्डिंग्स एवं प्रचार वाहन से प्रचार-प्रसार करने को कहा गया.




