News Wing
News Delhi, 1 September: केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी के आज रात अपने पद से इस्तीफा देने के बाद केंद्रीय मंत्रिमंडल में फेरबदल की संभावनायें प्रबल दिख रही हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रविवार को चीन की यात्रा पर रवाना होने से पहले मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल से पूर्व इस बात के कयास भी लगाये जा रहे हैं कि कुछ और मंत्री इस्तीफा दे सकते हैं.
अमित शाह ने किया वरिष्ठ मंत्रियों से मुलाकात
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने आज सुबह अपने आवास पर कुछ वरिष्ठ मंत्रियों से मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री से भी मुलाकात की थी. सूत्रों ने कहा कि मोदी जदयू और अन्नाद्रमुक समेत नये चेहरों को अपने मंत्रिमंडल में जगह देने की तैयारी कर रहे हैं तथा ऐसे में और मंत्री इस्तीफा दे सकते हैं. रूडी के पास कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय था. बिहार की सारण लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले रूडी के करीबी सूत्रों ने कहा कि उन्हें पार्टी में संगठनात्मक काम दिया जा सकता है.
उमा भारती ने स्वास्थ्य आधार पर इस्तीफे की पेशकश की
सूत्रों ने कहा कि शाह से आज मिलने वाले कलराज मिश्रा भी इस्तीफा दे सकते हैं. उनकी उम्र 75 साल से ज्यादा है जो पार्टी द्वारा अनौपचारिक रूप से मंत्रियों के लिये रखी गयी उम्र सीमा है. इससे पहले दिन में केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की जगह उत्तर प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष बनाया गया जिससे मंत्रिपरिषद में एक और जगह बनेगी. यह फेरबदल मोदी के ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिये चीन रवाना होने से पहले हो सकता है. जल संसाधन मंत्री उमा भारती ने भी कथित तौर पर स्वास्थ्य आधार पर इस्तीफे की पेशकश की है.
जदयू के दो सदस्यों के शामिल होने की उम्मीद
अन्नाद्रमुक अगर मोदी सरकार में शामिल होती है तो पार्टी के थांबी दुरई और के वेणुगोपाल कैबिनेट में पार्टी के संभावित चेहरे के तौर पर देखे जा रहे हैं. जदयू के भी कम से कम दो सदस्यों के शामिल होने की उम्मीद है. सरकार में कई पद रिक्त हैं क्योंकि अरूण जेटली और हर्ष वर्धन जैसे कुछ वरिष्ठ मंत्री अतिरक्त मंत्रालय संभाल रहे हैं.




