
Jamshedpur: एक्सएलआरआई जमशेदपुर में डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन कॉन्क्लेव रीएनविजन- 2022 का आयोजन सोमवार 22 अगस्त को किया गया. वर्चुअल मोड में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सैप लैब्स इंडिया के एमडी सिंधु गंगाधरण जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में द पित्रोदा ग्रुप एलएलसी के प्रेसीडेंट सैम पित्रोदा थे. बदलते दौर में किस प्रकार डिजिटल माध्यम ने कामकाज को प्रभावित किया है, उस पर विस्तार पूर्वक चर्चा की गयी. इस दौरान 55 वर्षों तक टेलीकॉम सेक्टर में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सैम पित्रोदा ने संबोधित करते हुए दुनिया को नया स्वरूप देने में डिजिटल परिवर्तन के महत्व से अवगत कराया. उन्होंने हाइपर कनेक्टेड वर्ल्ड अवधारणा के बारे में जानकारी दी. कहा कि इसी माध्यम से दुनिया भर के लोग एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं. उन्होंने क्लाउड कंप्यूटिंग, साइबर सुरक्षा और बड़े डेटा की अवधारणा पर भी चर्चा की. पित्रोदा ने री डिजाइनिंग में अपने प्रयासों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि यह स्वास्थ्य देखभाल, शिक्षा प्रणाली, उत्पादकता में सुधार लाने के लिए सबसे महत्वपूर्ण है.
वहीं सैप लैब्स इंडिया की एमडी सिंधु गंगाधरन ने मानव दुनिया पर टेक्नोलॉजी के प्रभाव का उल्लेख किया. इस दौरान सामूहिक रूप से लोगों को एक साथ रख़ने एवं मानवता की बेहतरी के लिए टेक्नोलॉजी का ज्यादा से ज्यादा उपयोग करने का आह्वान किया. उन्होंने डिजिटल परिवर्तन के समावेशी पहलू पर भी बल दिया. इस दौरान एक इंट्रैक्टिव सेशन का भी आयोजन किया गया. जिसमें सभी विद्यार्थियों ने उनसे कई सवाल पूछे. दो सत्र में कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. इसके बाद एक पैनल डिस्कशन का भी आयोजन हुआ जिसमें इंडस्ट्री के कई दिग्गजों ने अपनी बातों को रखा.
ये भी पढ़ें- Tata Motors Bonus Talk: टाटा मोटर्स में बोनस वार्ता का आगाज, महामंत्री ने कहा-समय पर होगा बोनस




