News Wing
New Delhi, 14 September: देश के शिक्षण संस्थानों में साफ-सफाई को बढ़ावा देने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने सबसे साफ उच्च शिक्षण संस्थानों को सम्मानित किया. केंद्र सरकार ने पहली बार देश के उच्च शैक्षणिक संस्थानों की भी स्वच्छता के आधार पर रैंकिंग की है. गुरुवार को केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने शीर्ष रैंकिंग पाने वाले 25 संस्थानों को चार श्रेणियों में पुरस्कृत किया. रैंकिंग के मुताबिक सोनीपत का ओपी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी देश का सबसे स्वच्छ सरकारी शिक्षण संस्थान है, जबकि देश की राजधानी दिल्ली इस स्वच्छता रैंकिंग में सबसे फिसड्डी साबित हुई. दिल्ली में आईआईटी, एम्स सहित कई प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान हैं, लेकिन स्वच्छता रैंकिंग में एक भी संस्थान को पुरस्कार नहीं मिला.
स्मार्ट कैंपस बनाने के लिए कचरे के प्रबंधन पर ध्यान देना जरूरीः जावड़ेकर
दिल्ली के एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ने संस्थानों के प्रतिनिधियों को पुरस्कृत किया. उन्होंने कहा कि छात्र स्वच्छता के दूत हैं और लोगों तथा संस्थानों के सहयोग से वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत के विचार का नेतृत्व करेंगे. उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों को स्मार्ट कैंपस बनाने के लिए हमें स्वच्छता के साथ ही कचरे के प्रबंधन पर ध्यान देना चाहिए. स्मार्ट कैंपस बनाने के लिए पानी-बिजली की बचत करनी, स्वच्छता को बढ़ावा देना और कचरे का प्रबंधन किया जाना चाहिए. जावड़ेकर ने इस प्रकार के रैंकिंग पद्धति के लिए मानव संसाधन विकास मंत्रालय के स्वच्छ भारत अभियान के अनुरूप और इसमें योगदान देने के विभिन्न प्रयासों की सराहना की.
174 में 25 संस्थानों का हुआ चयन
ऑनलाइन आमंत्रण पर लगभग 3500 उच्च शिक्षण संस्थानों ने प्रारूप के अनुरूप अपने अपने विवरण भेजे थे. मानदंड़ों के आधार पर 174 शीर्ष संस्थानों का चयन किया गया और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) और अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) के अधिकारियों ने सभी 174 संस्थानों के परिसरों का निरीक्षण किया था. अंत में विश्वविद्यालयों, तकनीकी संस्थानों, कॉलेजों और सरकारी संस्थानों जैसी विभिन्न श्रेणियों के शीर्ष 25 संस्थानों का चयन किया गया और इस अवसर पर उन्हें पुरस्कृत किया गया.
देश के टॉप पांच स्वच्छ यूनिवर्सिटी
रैंक संस्थान
1 ओपी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी, सोनीपत, हरियाणा
2 मणिपाल यूनिवर्सिटी, जयपुर, राजस्थान
3 चित्कारा यूनिवर्सिटी कालू झंडा (बरौतीवाला), सोलन, हिमाचल प्रदेश
4 केएलएई एकेडमी ऑफ हायर एजुकेशन एंड रिसर्च, बेलगांव, कर्नाटक
5 दतालबाग एजुकेशन इंस्टीट्यूट, आगरा, उत्तरप्रदेश
देश के शीर्ष स्वच्छ सरकारी संस्थान
रैंक संस्थान
1 जीबी पंत कृषि एंव तकनीकी विश्वविद्यालय,पंतनगर, उत्तराखंड
2 मदुरै कामराज यूनिवर्सिटी , मदुरै, तमिलनाडु
3 अलगप्पा यूनिवर्सिटी, तमिलनाडु
4 राष्ट्रीय तकनीकी संस्थान (एनआईटी) हमीरपुर, हिमाचल प्रदेश
5 भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान,गुवाहाटी, असम
6 राजकीय परास्नातक गर्ल्स कॉलेज, चंडीगढ़
7 पंजाब यूनिवर्सिटी, पंजाब
स्वच्छ कॉलेज में तमिलनाडु ने मारी बाजी
रैंक संस्थान
1 कोंगू आर्ट्स एंड साइंस कॉलेज, इरोड, तमिलनाडु
2 विद्या प्रतिष्ठान आर्ट्स, कॉमर्स एंड साइंस कॉलेज, पुणे, महाराष्ट्र
3 रामकृष्ण मिशन विवेकानंद कॉलेज, चेन्नई, तमिलनाडु
4 विवेकानंद कॉलेज ऑर्ट्स एंड साइंस (महिला), तिरुचेनगोड़, तमिलनाडु
5 एसएनआर संस कॉलेज, कोयंबटूर, तमिलनाडु
6 केजर कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड साइंस, कोयंबटूर, तमिलनाडु
स्वच्छ तकनीकी संस्थान में भी दक्षिण का दबदबा
रैंक संस्थान
1 अमृता विश्व विद्यापीठम, कोयंबटूर, तमिलनाडु
2 कोनेरु लक्षमियाह एजुकेशन फाउंडेशन, गुंटूर, आंध्रप्रदेश
3 श्री रामचंद्र मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट, चेन्नई, तमिलनाडु
4 विवेकानंद कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड साइंस (डब्ल्यू), तिरुचेनगोड़, तमिलनाडु
5 आरएमडी इंजीनियरिंग कॉलेज,चेन्नई, तमिलनाडु
6 आरएमके इंजीनियरिंग कॉलेज, चेन्नई, तमिलनाडु
7 एबीईएस इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, गाजियाबाद, उत्तरप्रदेश




