
NewDelhi : नैशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला अपना समय हॉलिवुड फिल्में देखने और जिम में कसरत करने में बिता रहे हैं. जबकि महबूबा मुफ्ती का समय किताबें पढ़ने में बीत रहा है. जान लें कि जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले आर्टिकल 370 के प्रावधानों को खत्म करने के फैसले से पहले कश्मीर के कई राजनेता नजरबंद किये गये थे. इनमें पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती भी शामिल थे. सरकार ने अभी भी इन नेताओं को नजरबंद कर रखा है. ऐसे में नैशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला अपना वक्त हॉलिवुड फिल्में देखने और जिम में कसरत करने में बिता रहे हैं. एक अंग्रेजी अखबार की रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आयी है.
भारत और पाकिस्तान के बीच बातचीत होगी. तो केवल पाक अधिकृत कश्मीर पर होगी : राजनाथ सिंह
उमर अब्दुल्ला श्रीनगर के गुपकर रोड स्थित हरि निवास पैलेस में नजरबंद हैं
सूत्रों के अनुसार उमर अब्दुल्ला को श्रीनगर के गुपकर रोड स्थित हरि निवास पैलेस में नजरबंद किया गया है. पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती को चश्मे शाही स्थित जम्मू-कश्मीर टूरिज्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन की एक इमारत में रखा गया है. खबरों के अनुसार वे अपना समय किताबें पढ़ कर बीता रही हैं. महबूबा को मुगल गार्डन इलाके के आसपास घूमने की इजाजत है. गुपकर रोड स्थित उमर के पिता और नैशनल कॉन्फ्रेंस प्रमुख फारूख अब्दुल्ला के आवास के गेट पर पुलिस तैनात हैं. फारूख यहां नजरबंद हैं नैशनल कॉन्फ्रेंस, पीडीपी और पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के अन्य नेताओं को डल झील के किनारे स्थित सेंटॉर लेक व्यू होटल के अलग-अलग कमरों में रखा गया है.
महबूबा मुफ्ती को चश्मे शाही शिफ्ट कर दिया गया
जान लें कि पहले उमर अब्दुल्ला और मुफ्ती, दोनों को हरि निवास पैलेस में रखा गया था. लेकिन दोनों के बीच झगड़ा होने की खबर सामने आयी थी. उसके बाद उमर को हरि निवास पैलेस में ही रखा गया, जबकि महबूबा मुफ्ती को चश्मे शाही शिफ्ट कर दिया गया. द टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के अनुसार उमर को हॉलीवुड फिल्मों की डीवीडी दी गयी हैं. साथ ही उमर को 9 हेक्टेयर में फैले पैलेस के मैदान पर सुबह मॉर्निंग वॉक पर जाने की इजाजत है. उन्हें जिम की भी सुविधा मिली हैं. सूत्रों के अनुसार उमर अपनी डायरी में भी कुछ लिख रहे हैं.




