
NewDelhi : संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान लोकसभा व राज़्यसभा मंगलवार को लगातार पांचवें दिन बाधित रही. लोकसभा में राफेल मामले में राहुल गांधी से माफी की भाजपा सदस्यों की मांग, कांग्रेस सदस्यों की संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) की मांग तथा अलग-अलग मुद्दों पर अन्नाद्रमुक एवं तेलुगू देसम पार्टी (तेदेपा) के सदस्यों के हंगामे के कारण सोमवार को लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने के लगभग 10 मिनट बाद दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गयी. बता दें कि प्रश्नकाल शुरू होने के साथ ही कांग्रेस सदस्य राफेल मामले में जेपीसी के गठन की मांग और अन्नाद्रमुक सदस्य कावेरी नदी पर बांध का निर्माण रोकने की मांग करते हुए अध्यक्ष के आसन के पास आ गये. तेदेपा सदस्य भी आंध्रप्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग करते हुए हाथो में तख्तियां लेकर आसन के पास आ गये. सत्तारूढ़ भाजपा के सदस्य राफेल मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले की पृष्ठभूमि में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से माफी की मांंग की. .उन्होंने राहुल गांधी माफी मांगों के नारे लगाये. भाजपा सदस्यों ने अपने हाथों में तख्तियां ले रखी थीं जिन पर राहुल गांधी माफी मांगो लिखा हुआ था. कांग्रेस सदस्य के हाथों में तख्तियां थी जिन पर वी डिमांड जेपीसी लिखा हुआ था. शिरोमणि अकाली दल के प्रेम सिंह चंदूमाजरा भी अपने स्थान पर खड़े होकर कुछ कहते हुए नजर आये. लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने सदस्यों से अपने स्थान पर जाने और सदन की बैठक चलने देने का आग्रह किया. हंगामा थमता नहीं देख उन्होंने कार्यवाही शुरू होने के करीब 10 मिनट बाद ही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी.
उच्च सदन में शून्यकाल और प्रश्नकाल नहीं चल पाया
राज्यसभा में मंगलवार को राफेल विमान सौदा, कावेरी डेल्टा के किसानों की समस्याओं और आंध्रप्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग सहित अलग अलग मुद्दों पर विभिन्न दलों के सदस्यों के हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही शुरू होने के कुछ ही देर बाद दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गयी. हंगामे की वजह से उच्च सदन में शून्यकाल और प्रश्नकाल नहीं चल पाया. सदन में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद ने राफेल विमान सौदे का मुद्दा उठाया और सरकार पर SC और संसद को गुमराह करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि पूरा देश सच जानना चाहता है. आजाद ने कहा हम कई मुद्दों पर चर्चा करना चाहते हैं. कार्य मंत्रणा समिति में सहमति भी बनी थी. हमने विशेषाधिकार हनन का नोटिस भी दिया है. इस पर सभापति एम वेंकैया नायडू ने कहा कि वह नोटिस पर अभी विचार कर रहे हैं. संसदीय कार्य राज्य मंत्री विजय गोयल ने कांग्रेस पर राफेल विमान सौदे के मुद्दे पर चर्चा से बचने का आरोप लगाया.
उन्होंने कहा विपक्ष लगातार हंगामा कर रहा है जबकि सरकार हर मुद्दे पर चर्चा करने के लिए तैयार है. गोयल ने कहा ‘कांग्रेस को अदालतों से हाल ही में दो-दो बड़े झटके लगे हैं. दोनों मुद्दों पर कांग्रेस को माफी मांगनी चाहिए. सत्ता पक्ष के सदस्यों ने गोयल से सहमति जताई वहीं कांग्रेस सदस्यों ने इसका विरोध किया.




